कलेक्टर और एसपी को सीधा निर्देश दे रहा हूं कि वे 5 दिन में जिले में अवैध उत्खनन को पूरी तरह से बंद कर दें। अवैध शराब का विक्रय भी यहां बहुत तेजी से हो रहा है, इसकी शिकायतें मिल रही हैं। इसलिए मेरे प्रभार क्षेत्र में मैं नहीं चाहूंगा कि कोई भी अवैध काम जारी रहे। इसलिए 5 दिन में यह दोनों काम बंद हो जाने चाहिए और इसकी सतत मॉनिटरिंग मैं करूंगा। यह निर्देश जिले के प्रभारी मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने अधिकारियों को दिए। वे बुधवार की शाम कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक ले रहे थे।
उन्होंने कहा कि जिले में बहुत सारी शिकायतें अवैध उत्खनन और अवैध शराब बेचने की लोगों ने की हैं। ऐसे में हमारा दायित्व है कि हम इस अवैध व्यापार पर रोक लगाएं और इसके लिए जो भी कदम प्रशासनिक अधिकारियों को उठाने हों, वो उठाएं लेकिन किसी भी कीमत पर 5 दिन में जिले से अवैध उत्खनन और अवैध शराब के व्यापार को खत्म करें।
अग्रवाल धर्मशाला में प्रभारी मंत्री से लोग बोले- यहां सूअर अधिक, इनका कुछ इंतजाम कराएं
वैक्सीनेशन महाअभियान की समीक्षा करने आए प्रभारी मंत्री सिसोदिया ने जब अग्रवाल धर्मशाला में वैक्सीनेशन कैंप में शामिल लोगों से बातचीत की तो लोगों ने शिकायत कर कहा कि शिवपुरी शहर में सबसे बड़ी समस्या वर्तमान में सूअरों की है। सूअरों की संख्या इतनी अधिक हाे गई है कि लोग न तो घरों में रह पा रहे हैं, न सड़कों पर निकलना आसान रह गया है। ऐसे में प्रशासन को इनका कुछ इंतजाम करना चाहिए। इसके लिए आप स्थानीय प्रशासन को दिशा निर्देश दें। इसके बाद समीक्षा बैठक में मंत्री ने कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह को निर्देश दिए कि वह सूअरों की रोकथाम पर भी काम करें। लोग बहुत शिकायतें कर रहे हैं।
कांग्रेस ने भ्रम फैलाया इसलिए वैक्सीनेशन पर प्रभावित हुआ
आदिवासी बस्तियों में वैक्सीनेशन कम क्यों है? इस सवाल का जवाब जब प्रभारी मंत्री से पत्रकार वार्ता में पूछा गया तो वे बोले- मेरे क्षेत्र में भी आदिवासियों के बीच कांग्रेस के कुछ लोगों ने गलत धारणा फैला दी थी। उन्हें बताया गया था कि इसे लगवाने से बच्चे नहीं होते हैं, व्यक्ति मर जाते हैं, इस भ्रम के चलते लोग असमंजस में पड़े। अब यह भ्रम सरकार ने जागरूकता अभियान चलाकर दूर कर दिया है। अब हर क्षेत्र में वैक्सीनेशन तेजी से होगा।
0 टिप्पणियाँ