शिवपुरी में कोरोना वैक्सीन के फर्स्ट डोज की रफ्तार तो काफी अच्छी है। लेकिन लोग दूसरा डोज लगवाने के लिए वैक्सिनेशन सेंटर तक नहीं पहुंच रहे हैं। कई प्रयासों के बाद भी जब दूसरे डोज की रफ्तार नहीं बढ़ पाई तो गुरुवार को खुद कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और एसपी राजेश सिंह चंदेल मैदान में उतर आए। दोनों ऑटो में सवार होकर शहर के हर गली-मोहल्ले में पहुंचे और माइक थामकर खुद ही अनाउंसमेंट कर लोगों को दूसरा डोज लगवाने के लिए जागरुक किया।
कलेक्टर का कहना है कि हम देख रहे हैं कि लोग कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लगवाने तो बड़े उत्साह के साथ आ रहे हैं। लेकिन दूसरा डोज लगवाने नहीं। लोग वैक्सिनेशन के लिए नहीं आए तो हम उनकी कॉलोनी और मोहल्लों में उन्हें बुलाने पहुंचे।
आम जनता की सवारी ऑटो
जनता के बीच ऑटो से जाने के विषय पर कलेक्टर सिंह ने बताया कि शिवपुरी में ऑटो आम जनता की सवारी मानी जाती है। ऐसे में लोगों को कम से कम यह लगे कि हमें हमारा कोई अपना बुलाने आया है। कार और लाव लश्कर के साथ हमें सिर्फ अधिकारी की नजर से ही देखा जाता है। अपने बीच का व्यक्ति मानने के लिए लोग तैयार ही नहीं होते। ऐसे में यह एक प्रयास है। लोगों को यह बताने का कि हम उनके अपने परिवार के सदस्य हैं और हमें उनकी चिंता उसी तरह है, जैसे अपने परिवार की।

0 टिप्पणियाँ