मध्यप्रदेश में खुदी सड़कों से सभी लोग परेशान हैं। रोजाना सड़कों की वजह से हादसे होते हैं। लोगों की जान भी चली जाती है। ऐसा ही हादसा सोमवार दोपहर शिवपुरी में हुआ। यहां खराब सड़के के कारण ऑटो पहले पलटा फिर खुद ही बिना ड्राइवर दौड़ लगा दी। इसका वीडियो सामने आया है। जिस वक्त ऑटो सड़क पर दौड़ रहा था, तब वहां ट्रैफिक चालू था और काफी चहल-पहल थी। गनीमत रही कि कोई भी चपेट में नहीं आया।
शहर के गुरुद्वारा चौराहे से महज 100 मीटर दूर हनुमान पुल के पास महीनों से सड़क खुदी पड़ी है। डिवाइडर भी टूटे हुए हैं। ऊपर से मिट्टी के ढेर भी लगा दिए गए हैं। खुदी सड़क के कारण सोमवार को ऑटो यहां अनियंत्रित होकर पलट गया।
खुदी सड़क के कारण ऑटो अनियंत्रित होकर पलटी खा गया था।
ऑटो को सीधा करने के लिए कुछ राहगीरों ने ऑटो चालक की मदद की। इस दौरान ऑटो स्टार्ट था। जैसे ही ऑटो सीधा हुआ। बिना ड्राइवर ही वह सड़क पर सरपट दौड़ने लगा। ड्राइवर और कुछ राहगीर उसे रोकने के लिए पीछे-पीछे दौड़े, लेकिन ऑटो धुआं उड़ाते हुए तेजी से भागता गया। हालांकि थोड़ी दूर जाकर SBI के पास पार्किंग में खड़े वाहनों से टकराकर ऑटो रुक गया।

0 टिप्पणियाँ