भोपाल केरवा लाइन से जुड़े कोलार क्षेत्र में मंगलवार को भी सप्लाई नहीं हो पाएगी। वाटर पंप हाउस के फिल्टर प्लांट, टैंक की सफाई और सुधार काम बाकी होने से नगर निगम पानी की सप्लाई नहीं कर पाएगा। हालांकि, दोपहर में काम पूरा हो जाता है तो शाम को कुछ इलाकों में सप्लाई होने का दावा अफसर कर रहे हैं, लेकिन सप्लाई बुधवार से ही सुचारू हो पाएगी। यानी बुधवार से नियमित रूप से पानी मिलने लगेगा।
नगर निगम केरवा पंप हाउस में जरूरी सुधार कार्य करवा रहा है। वहीं टैंक की सफाई भी की जा रही है। इस कारण दो दिन की सप्लाई से शटडाउन लिया है। सोमवार को पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। इस कारण करीब 2 लाख आबादी प्रभावित रही। मंगलवार को भी यही स्थिति बनेगी।
दोपहर बाद हो सकता है काम पूरा
नगर निगम के अधीक्षण यंत्री एआर पंवार ने बताया कि सोमवार को पंप हाउस में काफी काम निपटा लिया गया। टैंक की सफाई जारी है। दोपहर में सफाई और सुधार कार्य पूरा होने का अनुमान है। यदि ऐसा होता है तो कुछ इलाकों में शाम को सप्लाई कर सकते हैं। बुधवार से सभी इलाकों में सप्लाई सुचारू हो जाएगी।
आज भी प्रभावित रहेंगे ये इलाके
कोलार राजधानी का उप नगर है। जिसकी आबादी करीब 2 लाख है। कोलार के अधिकांश इलाकों में केरवा लाइन से सप्लाई की जाती है। मंगलवार को प्रियंका नगर, फाइन एवेन्यू, सौरभ नगर, 610 क्वार्टर, सुमित्रा परिसर, बांसखेड़ी, सनखेड़ी, राजवैध कॉलोनी, गिरधर परिसर, बंजारी डी-सेक्टर, मां पार्वती नगर, सांईनाथ कॉलोनी, महाबलि नगर, पैलेस आर्चेड, फॉर्च्यून सिटी, सर्व-धर्म कॉलोनी, दामखेड़ा आदि इलाके प्रभावित होंगे। इस कारण निजी जलस्रोत और टैंकर जलापूर्ति का जरिया रहेंगे।

0 टिप्पणियाँ