शिवपुरी, / म.प्र.राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला शिवपुरी के निर्देशानुसार पेन इंडिया अवेयरनेस एण्ड आउटरीच प्रोग्राम एवं पीपीटी तथा आजाद अमृत महोत्सव और विधिक सेवा सप्ताह के संबंध में पिछोर-शिवपुरी रोड स्थित न्यायालय के मीटिंग हॉल में गुरुवार को बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक मुख्य रूप से अपर सत्र न्यायाधीश श्री आर.एम.भगवती तथा प्रथम श्रेणी न्यायाधीश श्रीमती रानो बघेल व न्यायाधीश श्री मोहित रघुवंशी द्वारा ली गई जिसमें एसडीएम श्री जे.पी.गुप्ता, सीडीपीओ श्री अरविंद तिवारी, सीईओ श्री पुष्पेंद्र व्यास, महाविद्यालय प्राचार्य श्री केशव सिंह, हाई सेकेंडरी स्कूल प्राचार्य श्री बृजेश नीखरा, श्री धर्मेंद्र पटेरिया स्वास्थ्य विभाग से कालूराम बाल्मिक आदि उपस्थित रहे।
बैठक में 2 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक निर्धारित दिनों में विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जाने की रूपरेखा बनाई गई। इस क्रम में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्धारित किए गए कार्यक्रमों में गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर सुबह 7.30 बजे जागरूकता रैली आयोजित की जाएगी जिसे शा.उ.मा विद्यालय से थाना, अस्पताल होते हुए पुनः विद्यालय तक संपन्न किया जाएगा। इसके उपरांत सभी कार्यक्रम सुबह 9.30 से 10.30 बजे तक रखे गए हैं। 5 अक्टूबर सामान्य जागरूकता दिवस के अवसर ग्राम पंचायत सेमरी में अभिभावक एवं वरिष्ठ नागरिकजनों के भरण पोषण एवं कल्याण अधिनियम 2007 भिक्षुक आश्रयहीन व्यक्तियों के अधिकार म.प्र.अपराध पीड़ित प्रतिकर योजना 2015 पर न्यायाधीश मोहित रघुवंशी द्वारा कार्यक्रम में जानकारी दी जाएगी। 10 अक्टूबर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर नशे की लत और उसे छुड़ाने के तरीके मानसिक अस्वस्थ एवं चुनौती प्राप्त व्यक्तियों के संबंध में विधिक सेवा स्कीम 2015 की जानकारी उक्त कार्यक्रम में न्यायाधीश श्रीमती रानो बघेल द्वारा दी जाएगी। इसके अलावा 11 अक्टूबर को विश्व बालिका एवं शिशु दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत बड़ेरा विजयपुर न्यायाधीश श्री आर.एम.भगवती द्वारा बाल विवाह निषेध अधिनियम कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन शोषण अधिनियम पर जानकारी दी जाएगी। वही 15 अक्टूबर को विश्व छात्र दिवस पर शा.कन्या उ.मा.विद्यालय में शिक्षा का अधिकार महिला सशक्तिकरण पर कार्यक्रम रखा गया है और 24 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र संघ दिवस पर शा.बालक उ.मा.विद्यालय में बालश्रम निषेध अधिनियम मानव अधिकार मौलिक कर्तव्य एवं अधिकार पर कार्यक्रम संपन्न किया जाएगा। इन विभिन्न कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं के अलावा महिला पुरुष अधिकारीगण की बड़ी संख्या में उपस्थिति रहेगी।
0 टिप्पणियाँ