Music

BRACKING

Loading...

उन्नत प्रजातियों से बढ़ेगा किसानों का उत्पादन

ग्राम मकरारा में कृषक प्रशिक्षण आयोजित




शिवपुरी,   विकासखण्ड कोलारस के ग्राम मकरारा में गतदिवस कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा कृषि शक्ति योजनान्तर्गत अंगीकृत यंत्रदूत ग्राम में रबी फसलों तथा अन्य सामयिक विषयों पर कृषक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में योजना से जुड़े हुए कृषकों के साथ ग्राम के अन्य कुल 73 कृषकों  द्वारा सहभागिता की गई।
प्रशिक्षण में कृषि विज्ञान केन्द्र शिवपुरी के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ.एस.पी.सिंह एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेन्द्र सिंह कुशवाह द्वारा कृषकों को खेती की उन्नत तकनीकी की जानकारी दी गई।  
डॉ.एस.पी. सिंह द्वारा पशुओं के रखरखाव एवं संतुलित आहार प्रबंधन तथा नवजात बछड़ों/बछियों में लगने वाले अंतः परजीवी कीड़ों के नियंत्रण हेतु विभिन्न दवाओं की जानकारी दी गई। डॉ.कुशवाह द्वारा वर्तमान रबी मौसम की फसलों एवं उनकी उन्नत किस्मों-गेहूं (आर.व्ही.डब्ल्यू 4106, एम.पी. 1203, राज 1555, पूसा तेजस) चना (आरव्हीजी 202, 203, 204) एवं सरसों (गिरिराज, आरएच 725, आरएच 749) बोने की तकनीक, संतुलित पोषण प्रबंधन, सिंचाई जल प्रबंधन एवं खरपतवार प्रबंधन की जानकारी विस्तार से दी गई। उन्होंने कृषकों को शून्य जुताई तकनीक के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में उपयंत्री कृषि श्री अंकित सेन द्वारा उन्नत कृषि यंत्रों में स्ट्रा रीपर, स्वचालित रीपर कम बाइंडर, जीरो टिलेज मशीन आदि के बारे में शासन की योजनाओं के साथ-साथ परिचालन संबंधी जानकारियों से कृषकों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान कृषकों को दैनिक जीवन में मानव स्वास्थ्य की रक्षा हेतु स्वच्छता अपनाने पर भी बल दिया गया। स्वच्छता की आवश्यकता पर ग्रामीण परिवेश को दृष्टिगत रख उन्हें स्वच्छ जीवन शैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ