भोपाल दिवाली में राजधानी में जमकर आतिशबाजी हुई। आतिशबाजी के चलते शहर के कई इलाकों में आग लगने की घटनाएं हुईं। गुरुवार शाम छह बजे से शुक्रवार सुबह पांच बजे तक फायर कंट्रोल रूम फतेहगढ़ में आग लगने की 17 सूचनाएं पहुंचीं। इनमें दुकान, मकान, वाहनों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। रातभर सड़कों पर दमकलों का सायरन बजता रहा। प्रशासन ने ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन व्यापारी प्रतिबंधित पटाखे बेचते रहे। इसी का खामियाजा रहा कि आतिशबाजी से आग लगनी की घटनाएं हुईं। इतना ही नहीं प्रशासन ने पटाखा चलाने की अनुमति रात 8 से 10 बजे तक दी थी। बावजूद शाम होते ही आतिशबाजी होने लगी, जो देर रात चली। आग से हजारों का नुकसान हुआ।
इन स्थानों पर लगी आग
- सूखी इमामबाड़ा में फूड गोदाम में भीषण आग लगी।
- रोशनपुरा चौराहे पर आतिशबाजी से पेड़ जल गया।
- इस्लामी गेट शाहजहांनाबाद में जीप में आग लग गई।
- वाजपेयी नगर मल्टी में एक फ्लैट पर आग लगने से पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
- साकेत नगर एम्स के आगे घर में रखे सिलेंडर में आग भड़की।
- बैरागढ़ में दो दुकानों पर आग लगी।
- करोंद मंडी के अंदर 1 दुकान में आग लगने से हजारों का सामान जलकर खाक हो गया।
प्रतिबंधित पटाखा बेचने वालों पर नहीं हुई कारवाई
ग्रीन पटाखों को छोड़कर सभी तरह के पटाखों पर पूरी तरह से बैन लगने के बाद भी चोरी छुपे ब्लेक में पटाखों की खूब बिक्री हुई। दिवाली पर शहर में कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने ब्लेक होने के बाद भी उंचे दामों पर आतिशबाजी के लिए प्रतिबंधित पटाखे खरीदे। और बेखौफ होकर आतिशबाजी की। पुलिस प्रशासन भी आग पर काबू नहीं कर सका।
0 टिप्पणियाँ