भोपाल प्रदेश के साढ़े चार लाख पेंशनर्स के लिए अच्छी खबर है। उन्हें अब जीवन प्रमाण-पत्र देने के लिए बैंक नहीं जाना होगा। यह प्रमाण-पत्र अब ऑनलाइन ही सत्यापित हो जाएगा। ऐसे पेंशनर्स जो शारीरिक रूप से बहुत कमजोर और बुजुर्ग हैं, वे जीवन प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन ही आवेदन कर सकेंगे। बैंक इन्हें ऑनलाइन ही सत्यापित करेंगे। इसके लिए पेंशनर्स का आधार नंबर जरूरी होगा, जिससे डिजिटल हस्ताक्षर और वीडियो कॉल के जरिए प्रमाण-पत्र का सत्यापन हो जाएगा।
जो पेंशनर्स ऑनलाइन सुविधा का इस्तेमाल करने में असमर्थ हैं तो उन्हें पोस्ट ऑफिस के जरिए सुविधा मिलेगी। एक पोस्टमैन उनके घर पीओएस मशीन लेकर जाएगा। अंगूठा लगवाएगा और आधार से ऑथेंटिफिकेशन होने पर डिजिटल प्रमाण-पत्र बना देगा, जो ऑनलाइन होगा और संबंधित एजेंसी उसे देख सकेगी। इसके लिए पेंशनर को सिर्फ 70 रु. फीस देनी होगी। पेंशन संचालनालय के संचालक जेके शर्मा के मुताबिक इसका प्रस्ताव तैयार हो गया है। जिसे जल्द सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
बुजुर्ग पेंशनर्स को फायदा
अभी बैंक में जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने पर ही मिलती है पेंशन, इसमें कई परेशानी
मौजूदा व्यवस्था के अनुसार पेंशन भोगियों को रिटायरमेंट के बाद बैंक जैसी अधिकृत एजेंसी में अपना जीवन प्रमाण-पत्र जमा करना पड़ता है, जिसके बाद ही उन्हें पेंशन मिलती है। इसमें दिक्कत ऐसे पेंशनर्स को होती है जो वृद्ध और शारीरिक रूप से कमजोर हैं। इसके साथ ही बहुत से सरकारी कर्मचारी सेवानिवृत्ति के बाद अपने परिवार के साथ किसी दूसरे शहर में शिफ्ट हो जाते हैं, उन्हें भी बार-बार नौकरी वाले शहर आना पड़ता है।
हर महीने 1400 करोड़ सिर्फ पेंशन पर खर्च
बता दें कि प्रदेश में बैंकों के जरिए हर महीने 1300 से 1400 करोड़ रुपए 4.50 लाख पेंशनर के खाते में डाले जाते हैं। इसमें सबसे ज्यादा 2.70 लाख पेंशनर की पेंशन स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से मिलती है। अभी तक 1 से 30 नवंबर तक ये सभी पेंशनर बैंक की शाखाओं में पहुंचते थे और उन्हें जीवित रहने का सर्टिफिकेट देते थे। कई बार इसमें काफी समय बर्बाद हो जाता था।
ऐसे मिलेगी सुविधा... पेंशनर्स को यह सुविधा केंद्र सरकार की वेबसाइट india.gov.in पर मिलेगी। इसमें सीएससी, बैंकों एवं सरकारी कार्यालयों द्वारा संचालित जीवन प्रमाण पत्र केंद्रों पर वेबसाइट में अलग से विंडो है। मोबाइल फोन या टैबलेट पर इसकी एप्लीकेशन डाउनलोड कर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण कर सकते हैं। इससे आपको ओटीपी मिलेगा।
0 टिप्पणियाँ