शिवपुरी जिला अस्पताल के मेडीकल वार्ड से शुक्रवार सुबह करीब दो दर्जन मरीजों के पर्चे खो गए। जिस वजह से उन्हें इलाज नहीं मिल सका। राउंड पर आए डॉ दिनेश राजपूत ने जब मरीजों की केसशीट मांगी तो ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध नहीं कर सका। इसके बाद डॉक्टर ने इस लापरवाही पर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जाहिर की और यह कह कर मरीजों को देखे बिना चले गए कि वह अब इन्हें कैसे देखें, क्या दवा दें? इस पूरे मामले पर नर्सिंग स्टाफ ने भी स्वीकार किया कि उनकी गलती है वह केसशीट ढूंढ़वा रही हैं। अगर केसशीट नहीं मिलेगी तो उसका भी कोई तरीका तलाशा जाएगा।
एक घंटे तक मचा हड़कंप, मिली केसशीट
केसशीट गायब होने के बाद मेडीकल वार्ड में हड़कंप की स्थिति बनी रही। मरीज भी परेशान होते रहे कि अब उनका इलाज कैसे होगा? यह मामला जब सिविल सर्जन डॉ राजकुमार ऋषिस्वर के संज्ञान में लाया गया तो उन्होंने मामले की जानकारी ली, जिसके बाद यह केसशीट मिली।
0 टिप्पणियाँ