करैरा। मंडी के सामने करैरा में रविवार की रात कुछ लोगों ने घर पहुंचकर युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। कट्टे से फायर करने पर युवक बच गया। लेकिन दूसरे आरोपी ने तलवार से हमला किया, जिससे हाथ जख्मी हो गया। पुलिस ने दो नामजद सहित पांच से सात अन्य लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर मामला विवेचना में ले लिया है। सुमित (21) पुत्र रविशंकर दुबे निवासी मंडी के सामने करैरा रविवार की रात 9:30 बजे अपने घर पर था। इसी दौरान रोहित यादव निवासी काली पहाड़ी, आदित्य यादव निवासी चिरौली पांच-सात अन्य लोगों के संग आ गए। रोहित ने कट्टे से फायर कर दिया जिससे गोली कनपटी के पास से गुजर गई। जबकि आदित्य ने तलवार से हमला किया जो सुमित के हाथ में लगी। अन्य लोगों ने भी मारपीट की और मौके से भाग निकले। पुलिस ने रोहित यादव व आदित्य यादव सहित अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने अवैध कट्टा मौके से बरामद कर लिया है। हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं किया है।
0 टिप्पणियाँ