पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक के मामले में रोष जाहिर करते हुए शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांधी समाधि पर मौन धरना दिया। धरने के बाद सभी लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। धरने में शामिल भाजपा प्रदेश महामंत्री रणवीर रावत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इशारे पर ही पंजाब की कांग्रेस सरकार ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ इतना गंभीर खिलवाड़ किया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम ने कहा - कांग्रेस हमेशा अलगाववादियों और पाकिस्तान समर्थकों के साथ खड़ी रहती है। ऐसा कांग्रेस के बड़े नेताओं के बयान से समय-समय पर जाहिर हुआ है। कांग्रेस की पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ खिलबाड़ करने का षडयंत्र रचा है। जिला महामंत्री गगन खटीक ने कहा कि पंजाब में भाजपा को अपार जनसमर्थन मिल रहा है और पार्टी का जनाधार बढ़ रहा है। कांग्रेस को राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव में हार का भय सता रहा है, इसलिए वह ओछी हरकतों पर उतर आई है।
जिला महामंत्री प्रमेंद्र सोनू बिरथरे ने कहा कि किसी प्रदेश का मुख्यमंत्री ऐसी घड़ी में कैसे आंखें मूंद सकता है। पंजाब सरकार का यह कृत्य समस्त राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन है ही, पर उसके राष्ट्र विरोधी चरित्र को भी उजागर करता है।
0 टिप्पणियाँ