नेशनल हाईवे पर बानमोर क्षेत्र में सोमवार की सुबह 4.30 बजे ट्रक व दूध के टैंकर की भिड़ंत में ट्रक सवार किसान रामनिवास धाकड़ की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, शिवपुरी जिले के बैराड़ का रहने वाला रामनिवास धाकड़ सोमवार को चंड़ीगढ़ की मंडी में टमाटर बेचकर अपने घर वापस जा रहा है। सोमवार की सुबह 4.30 बजे ट्रक की भिड़ंत बानमोर क्षेत्र में धुलाई सेंटर के पास खड़े दूध के टैंकर से हाे गई। एक्सीडेंट के कारण ट्रक की आगे की बॉडी पिचक गई जिससे उसमें सवार रामनिवास दब गया और उसने माैके पर दम तोड़ दिया।
दुर्घटना के बाद ट्रक ड्राइवर ओमप्रकाश नामदेव निवासी बैराड़ वाहन छोड़कर भाग गया। मृतक रामनिवास धाकड़ के भाई मुंशी धाकड़ का कहना है कि रामनिवास ने मोबाइल फोन पर चंड़ीगढ़ से बताया था कि उसके पास नकद डेढ़ लाख रुपए व एक लाख रुपए का चेक है जो टमाटर बेचने से मिला है। मुंशी धाकड़ का कहना है कि नकदी व चेक भाई की डैडबॉडी से नहीं मिला। इधर हाईवे पर सिविल लाइन क्षेत्र में गंगापुर हनुमान मंदिर मोड पर रविवार की रात 9 बजे हुए एक्सीडेंट के मृतक ड्राइवर की पहचान सतीश 24 पुत्र भगवान सिंह चौधरी निवासी मेहराना थाना बरसाना मथुरा के रूप में हुई है। सतीश विनोला हरियाणा से कंटेनर लेकर रायपुर जा रहा था। ट्रॉली से कंटेनर की भिड़ंत में सतीश का निधन हो गया।
0 टिप्पणियाँ