भोपाल के शकर कारोबारी नवाब रजा के यहां चल रहे आयकर के छापों में 150 करोड़ रुपए से अधिक की काली कमाई सामने आई है। विभाग की छापे की कार्रवाई बुधवार देर रात पूरी हो गई। जांच में यह पाया गया रजा ने नरसिंहपुर स्थित चीनी मिल का स्टॉक 100 करोड़ रुपए बताकर बैंकों से सीसी लिमिट बढ़वा ली, लेकिन अपनी बुक्स में केवल 40 करोड़ रुपए का स्टॉक ही दर्ज किया।
गन्ना किसानों का भुगतान होने के बाद भी 20 करोड़ रुपए की बोगस देनदारी बताई। यहां से टैक्स चोरी करके लाए गए धन से कांग्रेस की पूर्व पार्षद स्व. माहिरा सलामुद्दीन के पति आजम खान के साथ मिलकर भोपाल और इसके आसपास के इलाकों में 100 करोड़ रुपए से अधिक की प्रॉपर्टी खरीदी। इनमें करीब 20 करोड़ रुपए का भुगतान नकद किया गया।
आजम के जरिए ही रजा ने माहिरा के दादा को मिली नवाब काल की कोठी गिफ्ट में हासिल की थी। इस कोठी को रजा ने आजम से गिफ्ट में मिलना बताया है। आयकर विभाग इस गिफ्ट प्रॉपर्टी पर 30% टैक्स वसूलेगा। विभाग ने सोमवार को रजा के भोपाल, नरसिंहपुर और जबलपुर स्थित 17 ठिकानों पर छापे मारे थे।
जिस बेनामीदार को छह माह से तलाश रहे थे, वह चला रहा था विभाग की टैक्सी
आयकर विभाग की बेनामी विंग पिछले छह माह से एक अन्य मामले में एक बेनामीदार को तलाश रही थी, जिसके नाम पर एक कारोबारी ने 4 करोड़ रु. की प्रॉपर्टी खरीद रखी थी। उसका आय का कोई स्रोत नहीं था। रजा के यहां छापा मारने के लिए विभाग ने ट्रैवल से टैक्सी हायर की। इसमें एक टैक्सी वह बेनामीदार ही चला रहा था। ड्राइवर्स के वेरिफिकेशन के दौरान उस पर शक हुआ और उक्त ड्राइवर को विंग ने पकड़ लिया। विभाग प्रॉपर्टी खरीदने वाले कारोबारी से दोबारा पूछताछ करेगा

0 टिप्पणियाँ