Music

BRACKING

Loading...

भू-माफिया कर रहे वन भूमि पर कब्जा:वनभूमि पर आदिवासी परिवारों ने बनाईं झोंपड़ियां, इसी की आड़ में भू-माफियाओं ने पत्थर रख प्लॉटिंग की, तो कहीं चबूतरे बनाए



शिवपुरी शहर के लुधावली के पीछे लगी वन भूमि पर आदिवासी परिवार झोंपड़ियां बनाकर रहने लगे हैं। आदिवासियों की आड़ में भू माफिया ने भी पत्थर रखकर प्लॉटिंग कर ली है, तो किसी ने चबूतरे तक बनाकर छोड़ दिए हैं। लुधावली क्षेत्र में राजस्व की जमीन पर पहले ही कब्जे हो चुके हैं। जगह नहीं बची तो अब वन भूमि पर कब्जा की होड़ शुरू हो गई है। वन विभाग अपनी जमीन ही सुरक्षित नहीं रख पा रहा है।

शहर के जाधव सागर के पास महल सराय बस्ती में आबादी बढ़ने की वजह से कुछ परिवार लुधावली क्षेत्र में कब्रिस्तान के पीछे वन भूमि पर झोंपड़ी बनाकर रहने लगे हैं। आदिवासियों की आड़ में दूसरे लोगों ने पत्थर रखकर प्लॉटिंग कर ली है।

मौके पर पत्थर रखकर जमीन पर कब्जा जमा लिया है। हालांकि कब्जाधारी कौन हैं, खुलकर कोई भी सामने नहीं आ रहा है। वन विभाग भी अतिक्रमण हटाने की बजाय हाथ पर हाथ रखकर बैठा है। इस कारण जमीन पर धीरे-धीरे झोंपड़ियों की संख्या बढ़ती जा रही है। आगे चलकर अतिक्रमण हटाने में अधिकारियों के पसीने छूट जाएंगे।

पीने के पानी को तरस रहे आदिवासी परिवार, अन्य सुविधाएं नहीं
वन भूमि पर झोंपड़ियां बनाकर रह रहे आदिवासी परिवार पीने के पानी को तरस रहे हैं। दो बड़ी टंकियां खरीदकर रखवा ली हैं, लेकिन उन्हें भरवाना मुश्किल हो रहा है। इधर-उधर से पीने के पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। बच्चों के साथ वीराने में गर्भवती महिलाएं भी रह रहीं हैं। बिजली, सड़क व अन्य किसी तरह की सुविधाएं भी नहीं हैं। वन भूमि पर रह रहे परिवार शहर की महल सराय में आबादी बढ़ने की वजह बता रहे हैं।

27 हेक्टेयर से अधिक जमीन, काफी हिस्से में माफिया ने की प्लॉटिंग
लुधावली क्षेत्र में 27 हेक्टेयर से अधिक वन भूमि है जहां भू माफिया द्वारा कब्जा किया जा रहा है। 300 रु. वर्गफीट के मान से उक्त जमीन की कीमत 85 करोड़ से अधिक आंकी जा रही है। जमीन पर किन लोगों ने कब्जा किया है, वन विभाग द्वारा चिन्हित तक नहीं किया जा सका है। इस कारण लोग मनमाने ढंग से कब्जा जमाते जा रहे हैं।

अब 50 हजार हेक्टेयर जमीन पर प्लांटेशन की तैयारी में वन विभाग
वन भूमि पर अतिक्रमण को लेकर वन विभाग 50 हजार हेक्टेयर में प्लांटेशन कराने की बात कह रहा है। यदि प्लांटेशन होता है तो इसके लिए बाउंड्रीवाल बनाकर जमीन सुरक्षित करना पड़ेगी। ऐसा होता है तो वन भूमि सुरक्षित हो सकती है। भू माफियाओं की वन भूमि कब्जाने की योजना फेल हो जाएगी।

हमने 50 हजार हेक्टेयर में प्लांटेशन मंजूर करा लिया है

अतिक्रमण की सूचना पर हम एक-दो बार मौके पर गए थे, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। पत्थर रखकर अतिक्रमण किया गया है। हमने 50 हजार हेक्टैयर में प्लांटेशन मंजूर करा लिया है। आठ-दस दिन में काम भी शुरू कराने जा रहे हैं। बाउंड्रीवाल बनाकर जमीन को सुरक्षित कराएंगे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ