Music

BRACKING

Loading...

‘‘सबसे आगे होंगे हिंदुस्तानी आजादी’’ के तरानों के साथ ग्राम पंचायत करही में निकाली तिरंगा रैली‘‘हर घर तिरंगा अभियान‘‘ अंतर्गत पूरे गांव में निकाली पैदल तिरंगा रैली

braj rawat 
 हर-घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, चारों ओर तिरंगा ही तिरंगा। तिरंगामय तहसील नरवर की ग्राम पंचायत करही का दृश्य गतदिवस विशाल तिरंगा रैली में देखने को मिला। विदित है कि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर अमृत महोत्सव के रूप में हर घर तिरंगा अभियान 13 अगस्त से 15 अगस्त, 2022 तक मनाया जा रहा है। 
इस महोत्सव की श्रृंखला में जिले में विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियाँ निरंतर रूप से प्रतिदिवस संचालित हो रही है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत करही की जनता ने खुले दिल से ‘‘हर घर तिरंगा अभियान‘‘ का स्वागत करते हुए विशाल तिरंगा रैली में सहभागिता की। यह रैली पूरे ग्राम पंचायत के मुख्य मार्गो से होकर गुजरी। आयोजित रैली में एक अलग ही उत्साह प्रतिभागियों के चेहरों पर नजर आया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत करही के सरपंच मोहित भार्गव, सचिव कृष्णपाल सिंह लोधी, पटवारी आनंद गुप्ता, करही चौकी प्रभारी श्री पुरोहित, करही संकुल प्राचार्य ओमप्रकाश शर्मा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष रामगोपाल चौधरी, जनपद सदस्य कु.वर्षा रावत, ग्राम पंचायत मैट धर्मेंद्र सोनी, पूर्व शिक्षक मिश्रीलाल मिश्रा सहित ग्राम के सभी निर्वाचित पंच, ग्राम के सभी विभागों के कर्मचारी एवं अन्य पदाधिकारी तथा अन्य सभी नागरिक उपस्थित थे।
सरपंच मोहित भार्गव ने रैली में उपस्थित गणमान्य नागरिकों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की महत्वता के बारे में बतलाया। उन्होंने कहा कि सोने की चिड़िया कहा जाने वाला हमारा देश भारत करीब 200 वर्षों तक अंग्रेजी हुकूमत का गुलाम रहा है। इन गुलामी की जंजीरों को तोड़ने में भारतवासियों को कड़ा संघर्ष करना पड़ा और 15 अगस्त सन 1947 के दिन हमारा देश भारत अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हो गया। इतनी मुश्किलों और बलिदानों से मिली हुई आजादी को हम भारतवासी प्रत्येक वर्ष 15 अगस्त के दिन जश्न के रूप में मनाते हैं। यूं तो यह जश्न प्रत्येक वर्ष ही महत्वपूर्ण होता है, किंतु इस वर्ष का जश्न कुछ खास है क्योंकि हमारे देश भारत को स्वतंत्र हुए 75 साल पूरे हो चुके हैं। इस खुशी में पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है।
सभी ने ‘‘सुनो गौर से दुनिया वालों, बुरी नजर ना हम पर डालो, सबसे आगे होंगे हिंदुस्तानी, वंदे मातरम, ऐ वतन, वतन मेरे आबाद रहे तू’’ आदि देशभक्ति गीतों पर उत्साह दिखाया। रैली के समापन अवसर पर सरपंच मोहित भार्गव ने उपस्थित जनों को आजादी के अमृत महोत्सव की शपथ दिलाई तथा राष्ट्रगान गायन के साथ रैली का समापन किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ