शिवपुरी कृषि उपज मंडी पिपरसमां (शिवपुरी) में सोमवार को सब्जी व्यापारियों ने मूंगफली के भाव 4 हजार से गिराकर 1500 रु. प्रति क्विंटल तक कर दिए। कम भाव लगने पर किसान भड़के उठे और विरोध शुरू कर दिया। सब्जी व्यापारी भाव बढ़ाने के लिए राजी नहीं हुए। सब्जी व्यापारी बिना डाक लगाए लौट गए। नाराज किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। देहात थाना से पुलिस बुलवानी पड़ी। किसान रात भर से भूखे प्यासे पड़े थे। मंडी परिसर की टंकियों में पीना तो दूर हाथ धोने लायक पानी तक नहीं था।
सोमवार को किसान तीन हजार से अधिक बोरी मूंगफली लेकर पिपरसमां मंडी पहुंच गए। सब्जी व्यापारियों ने पहले प्याज की बोली लगाई। दोपहर 1.30 बजे के बाद मूंगफली की बोली 1500 रुपए प्रति क्विंटल से प्रारंभ की और 1600 से 1700 तक ही भाव लगा रहे थे। जबकि एक-दो दिन पहले ही मूंगफली का भाव 4100 से 4200 रु. प्रति क्विंटल था। नाराज किसान विरोध करते रहे। दोपहर 2.50 बजे देहात थाना पुलिस पहुंची। किसानों का हंगामा जारी रहने पर मंडी सचिव हरेंद्र सिंह राठौर पहुंचे और व्यापारियों को बुलवाया। किसानों और व्यापारियों से बातचीत की।
पुन: डाक कराने पर मूंगफली 2 हजार से 2300 रु. क्विंटल में बिकी
सचिव मंडी पहुंचे और दोपहर 3 बजे से डाक शुरू कराई। इस बार व्यापारियों ने 2 हजार से 2300 रु. प्रति क्विंटल के भाव से किसानों की मूंगफली खरीदी। एकाएक ज्यादा भाव गिरा देने से किसान भड़क उठे थे। किसान मूंगफली सड़क पर फेंककर ट्रैफिक जाम की धमकी भी देते रहे।
आज मंडी बंद रहेगी, किसान असमंजस में बने रहे
हम्माल व तुलावटी अधिकतर मुस्लिम वर्ग के लोग हैं। मंगलवार को ताजियों की वजह से मंडी की अघोषित छुटटी रहेगी। कम दाम, ऊपर से दूसरे दिन छुट्टी को लेकर किसान ज्यादा चिंतित थे। किसानों को यह कोई नहीं बता रहे थे कि अगले दिन मंडी खुलेगी भी या नहीं।
किसान बोले- खाने तक के लिए पैसे नहीं है...
"एक ट्रॉली मूंगफली लेकर हम रात 12 बजे मूंगफली लेकर आए थे। खाने तक के लिए पैसे नहीं है। सोचा था मूंगफली बेचकर कुछ खा पी लेंगे। पूरा दिन बीत रहा है, एक तो डाक देरी से शुरू की और भाव भी गिरा दिए।" - किशन जाटव, किसान रिझारी
"एक-दो दिन पहले इन्हीं व्यापारियों ने मूंगफली 4100 से 4200 रु. में खरीदी थी। सोमवार को अचानक भाव बहुत ज्यादा गिरा दिए। हमारी मूंगफली मात्र 1500 से 1700 रु. क्विंटल में खरीदने लगे। हमारी कहीं सुनवाई नहीं होती।" - नंदकिशोर रावत निवासी सेसई
व्यापारियों को बुलवाकर डाक शुरू करा दी थी
"कोटा मंडी में मूंगफली के भाव कम हो गए हैं। इसलिए व्यापारियों ने भाव गिरा दिए। इस कारण व्यापारी बोली लगा रहे थे। व्यापारियों को बुलवाकर मूंगफली की डाक शुरू करा दी थी"। - हरेंद्र सिंह राठौर, सचिव, कृषि उपज मंडी शिवपुरी
क्यों गिराए दाम, इस बारे में मंडी सचिव से बात करेंगे
"शिवपुरी मंडी में मूंगफली के भाव एकाएक क्यों गिराए, इस बारे में मंडी सचिव से बात करेंगे। पीने के पानी की व्यवस्था कराने के लिए कहेंगे।" - आरपी चक्रवर्ती, संयुक्त संचालक, मंडी बोर्ड क्षेत्रीय कार्यालय ग्वालियर

0 टिप्पणियाँ