राकेश पराशर के घर के बाहर प्रर्दशन करते हुए बैंक कर्मचारी
शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा कोलारस शाखा से 80.52 करोड़ के गबन से जिला केंद्रीय सहकारी बैंक शिवपुरी की माली हालत खराब है। जिले की सारी शाखाओं के कर्मचारियों को जलील होना पड़ रहा है। पुलिस भी एफआईआर करने के बांद पूरी करना तो दूर रिकवरी तक नहीं करा पा रही है। ऐसे में नाराज बैंक कर्मचारी 80.52 करोड़ की रिकवरी के लिए सड़क पर उतर आए। जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले की शाखाओं से सवा सौ से अधिक बैंक मैनेजर, कैशियर व अन्य कर्मचारी मंगलवार को कोलारस पहुंचे और नगर में तख्तियां लेकर रैली निकाली। तख्तियों पर लिखा था-राकेश पाराशर किस ख्याल में, बैंक वसूली हर हाल में। राकेश पराशर व उसके परिवार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रैली निकालने के बाद राकेश पराशर के रामेश्वर धाम स्थित घर के बाहर पहुंचकर कलाकारों के जरिए नाटक मंचन कराया। इस नाटक के जरिए 80.52 करोड़ रु. के गबन को दिखाया गया। किस तरह राकेश पराशर बैंक से नोटों से भरा बैग लेकर घर आता और अपनी पत्नी को थमा देता। राकेश के परिवार में पत्नी, भाई, बेटे, बहुओं से लेकर पिंकी नामक महिला की भूमिका कलाकारों ने निभाई। नाटक के जरिए यह भी दिखाया गया कि गबन के बाद केंद्रीय सहकारी बैंक की शाखाओं में गरीब खून-पसीने की कमाई खातों से नहीं निकाल पा रहे हैं।
किसी को अपनी बेटी, बहन या भाई की शादी करनी है तो किसी को बीमारी का इलाज कराना है। बैंक उन लोगों को खाते में जमा पैसा तक नहीं दे पा रही है। नाटक मंचन के जरिए खाताधारकों की परेशानी और बैंक कर्मचारियों की लाचारी दर्शाई गई। मंगलवार के विरोध प्रदर्शन से बैंक आर-पार के मूड में दिख रहा है। बैंक के सारे अधिकारी व कर्मचारी नगर परिषद दफ्तर के बाहर एकजुट हुए और 10.30 बजे जगतपुर से एबी रोड, एप्रोच रोड, मुख्य बाजार, बस्ती, रामेश्वरधाम पहुंचे। रामेश्वर धाम के बाहर राकेश पाराशर और पिंकी यादव मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसके बाद नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। राकेश परिवार के लोग मंदिर के कमरों में थे।
कोलारस शाखा से हुए गबन की रिकवरी के प्रयास कर रहे हैं
"कोलारस शाखा से हुए गबन की रिकवरी के प्रयास कर रहे हैं। जिले की सभी शाखाओं के प्रबंधक, कैशियर व अन्य स्टाफ ने कोलारस नगर में विरोध प्रदर्शन किया है। सभी चाहते हैं कि बैंक के पैसे की रिकवरी हो और खाता धारकों को उनका पैसा लौटाया जाए। इससे बैंक की छवि सुधरेगी और सभी अपना काम सुकून से कर सकेंगे।" - अरस्तु प्रभाकर , सीईओ, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक शिवपुरी

0 टिप्पणियाँ