शहर के बीचोबीच महिला से हुई लूट का खुलासा : मुरैना जिले के दो बदमाशों ने दी थी वारदात को अंजाम, मंगलसूत्र लूट कर हो गए तेह फरार
शिवपुरी में कोतवाली पुलिस ने शहर के बीचोबीच हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए 10 हजार के इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 5 तोला सोने का हार एवं घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम
बता दें कि शिव कालोनी की रहने वाली अनूप यादव (57) 18 फरवरी की रात जब वह अपनी भतीजी की शादी समारोह से लौट रही थीं, तभी धाकड़ की टाइल्स की दुकान के पास दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से सोने का हार झपट लिया और फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। वहीँ एसपी अमन सिंह राठौड़ ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
सीसीटीवी फुटेज से पकड़े गए बदमाश -
एसपी अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि कोतवाली प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ की टीम ने शहरभर के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की तलाश शुरू की। 24 फरवरी को सूचना मिली कि दोनों आरोपी दर्रोनी तिराहा, शिवपुरी पर देखे गए हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान प्रताप कुशवाह (33) निवासी ग्राम किरावली, थाना चिन्नौनी, जिला मुरैना और रामऔतार धाकड़ (38) निवासी ग्राम लाभकरन, थाना कैलारस, जिला मुरैना के रूप में हुई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया 5 तोला सोने का हार कीमत 4.5 लाख रुपये बरामद किया। इसके अलावा, घटना में प्रयुक्त चाकू और बाइक भी जब्त कर ली गई।
बता दें मुख्य आरोपी प्रताप कुशवाह पहले भी लूट की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। उसके खिलाफ थाना कैलारस में लूट के दो मामले दर्ज हैं। अन्य थानों से भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल, आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है।


0 टिप्पणियाँ