शिवपुरी शहर में ईद की नमाज हवाई पट्टी रोड स्थित ईदगाह पर अदा की गई। मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोगों ने यहां पहुंचकर नमाज अदा की और एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर खुशियों का माहौल बना रहा और सभी ने भाईचारे व सौहार्द की मिसाल पेश की।
गौरतलब है कि रविवार की शाम 6:30 से 7:00 बजे के बीच ईद का चांद दिखाई देने के बाद ईद मनाने की तैयारियां शुरू हो गई थीं। 30 दिन के रोजों और तरावीह की नमाज के बाद सोमवार की सुबह पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ ईद मनाई गई।
इस मौके पर शहर काजी बालुद्दीन ने नमाज अदा कराने के बाद शहरवासियों को ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार प्रेम, शांति और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने शहर की अमन और चैन की दुआ करते हुए कहा कि हमें सद्भावना और एकता को बनाए रखना चाहिए।
ईद के अवसर पर विभिन्न धर्मों और राजनीतिक दलों के लोग भी ईदगाह पहुंचे और मुस्लिम समाज को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान धर्मगुरु पंडित अरुण शर्मा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विजय चौहान, भाजपा के मीडिया प्रभारी विकास दंडोतिया, राहुल रामजी व्यास, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मन्नालाल कुशवाहा एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने मुस्लिम समाज को ईद की मुबारकबाद दी और आपसी सौहार्द व भाईचारे की सराहना की।
शहर में ईद को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन ने नमाज के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा बल तैनात किए थे। कुल मिलाकर शिवपुरी में ईद का त्योहार हर्षोल्लास और सौहार्द के साथ मनाया गया।
0 टिप्पणियाँ