शिवपुरी, 28 अगस्त 2025/ हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में समाज को प्रेरित करने हेतु मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड शिवपुरी द्वारा संचालित माटी गणेश–सिद्ध गणेश अभियान के अंतर्गत हरतालिका तीज पर नगर विकास प्रस्फुटन समिति वार्ड 37 में प्रजापति मंदिर परिसर में मिट्टी गणेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक डॉ. रीना शर्मा, विकासखंड समन्वयक शिशुपाल सिंह जादौन तथा समिति अध्यक्ष गीता शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
डॉ. रीना शर्मा ने बताया कि पीओपी से बनी प्रतिमाएं पर्यावरण के लिए हानिकारक होती हैं, इसलिए सभी को अपने घरों में मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाएं ही स्थापित करनी चाहिए। इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए ब्लॉक समन्वयक शिशुपाल सिंह जादौन ने कहा कि परिषद की प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर संस्थाएं, सीएमसीएलडीपी छात्र-छात्राएं एवं मेंटर मिलकर लोगों को मिट्टी गणेश बनाने का प्रशिक्षण दे रहे हैं और अधिकाधिक परिवारों को पर्यावरण अनुकूल गणेश स्थापित करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने स्वयं मिट्टी के गणेश बनाकर उन्हें घर में स्थापित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन समिति सचिव वीरेंद्र शर्मा द्वारा किया गया तथा उपस्थित महिलाओं को नि:शुल्क मिट्टी गणेश प्रतिमाएं वितरित की गईं। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद मथुरा प्रजापति, जे.पी.नामदेव, अरुण प्रताप सिंह गुर्जर एवं संतोष सेन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ