शिवपुरी जिले के बड़ागांव की रहने वाली एक महिला ने अपने सगे भाई और पिता पर जेवरात व नगदी लौटाने से इनकार करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। महिला ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जेवर और 90 हजार रुपये वापस दिलाने की मांग की है।
थाना देहात क्षेत्र के ग्राम बड़ागांव निवासी आशा पत्नी गजराज सिंह जाटव ने एसपी कार्यालय में दिए आवेदन में बताया कि वह वर्तमान में मायके में रह रही थी। उसके अनुसार, भाई की शादी के दौरान जरूरत बताकर उसने अपने चांदी के जेवर करीब 300 ग्राम की करधौनी, लगभग 50 ग्राम का गुच्छा और करीब 6 हजार रुपये कीमत का सोने का वेसर कुछ समय के लिए अपने भाई दामोदर जाटव और पिता दर्शन जाटव को दे दिए थे। इसके अलावा समय-समय पर करीब 90 हजार रुपये भी शादी खर्च के लिए दिए।
महिला का आरोप है कि शादी के बाद जब उसने अपने जेवर और पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। 11 फरवरी 2026 को मांग करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा 13 फरवरी की सुबह दोबारा मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। महिला का कहना है कि उसे और उसके नाबालिग बेटे को गांव में नहीं रहने देने की धमकी दी जा रही है।
पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी उसके खिलाफ झूठी शिकायत कर सकते हैं। उसने एसपी से आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर संपत्ति वापस दिलाने और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ