12 घंटे के भीतर एफआईआर दर्ज कर 6 परिवारों को 3 लाख 51 हजार 500 रुपए की आर्थिक सहायता राशि की गई प्रदान
शिवपुरी जिले के करैरा तहसील अंतर्गत दिनारा क्षेत्र में घटित आगजनी की घटना के उपरांत कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की सतत मॉनिटरिंग में जिला प्रशासन द्वारा तुरंत प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की गई। प्रशासन द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित प्रकरण में शीघ्र एफआईआर दर्ज कराई गई तथा राहत एवं पुनर्वास की कार्यवाही को प्राथमिकता के आधार पर संपादित किया गया। महज 12 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर प्रशासन ने आपदा प्रबंधन में तत्परता एवं उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इस घटना की सूचना मिलते ही तुरंत कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक श्री अमन सिंह राठौड़ तुरंत मौके पर पहुंचे उन्होंने घटनास्थल पर जायजा लिया। एसडीएम एवं तहसीलदार को निर्देशित किया।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व करैरा श्री अनुराग निंगवाल के नेतृत्व में प्रशासनिक दल द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का आकलन किया गया। तहसीलदार श्री ललित शर्मा द्वारा प्रभावित परिवारों से भेंट कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराते हुए तुरंत राहत राशि स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की गई।
उक्त घटना में प्रभावित कुल 6 परिवारों को 3 लाख 51 हजार 500 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जिसमें श्री अमर सिंह पुत्र श्री देवलाल जाटव को 1,20,000 रुपए , श्रीमती सुमित्रा पत्नी श्री जनवेद जाटव को 80,000 रुपए, श्रीमती बबीता पत्नी श्री जगदीश जाटव को 60,000 रुपए, श्रीमती इंदिरा पत्नी श्री शिवकुमार जाटव को 80,000 रुपए, श्री अरुण पुत्र श्री महेश शर्मा को 6,500 रुपए तथा श्री मनीराम शर्मा पुत्र श्री प्यारेलाल शर्मा को 5,000 रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आपदा की प्रत्येक स्थिति में प्रभावित नागरिकों को त्वरित राहत, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

0 टिप्पणियाँ