शिवपुरी जिले में महिला की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतका की 14 वर्षीय बेटी पुष्पा ने अपने पिता पर मां की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि पापा ने मां को मारा है, उन्हें जेल में डालो। बेटी के आरोपों के बाद मृतका का मायका पक्ष बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।
पुष्पा ने बताया कि उसके पिता धर्मवीर कुशवाह कुछ दिन पहले उसे मामा के घर छोड़ गए थे और मां सुनीता को अपने साथ वापस ग्राम चंदौरिया ले गए थे। उसने आरोप लगाया कि उसके पिता शराब के नशे में आए दिन उसकी मां के साथ मारपीट करते थे। पुष्पा ने यह भी कहा कि इससे पहले उसके छोटे भाई को सांप ने काट लिया था, लेकिन पिता ने उसका समय पर इलाज नहीं कराया, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
मृतका के भाई मनोज कुशवाह ने बताया कि उसकी बहन सुनीता कुशवाह की शादी करीब 15 वर्ष पहले धर्मवीर कुशवाह निवासी ग्राम चंदौरिया से हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी का व्यवहार ठीक नहीं था और वह शराब पीकर अक्सर मारपीट करता था। इस संबंध में वर्ष 2019 में थाना कोलारस और महिला थाना शिवपुरी में शिकायत भी की गई थी, लेकिन समझौता कराकर मामला शांत करा दिया गया था।
परिजनों के अनुसार 17 मई की सुबह सुनीता ने अपने देवर मूलचंद कुशवाह को फोन किया था। फोन पर झगड़े की आवाज सुनाई दे रही थी, तभी आरोपी ने फोन छीनकर कॉल काट दिया। कुछ घंटों बाद धर्मवीर ने फोन कर बताया कि सुनीता ने फांसी लगा ली है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने महिला के शरीर पर चोट के निशान होने का आरोप लगाया और कहा कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटकाया गया।
परिवार का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी द्वारा उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। पीड़ित परिवार ने एसपी से आरोपी धर्मवीर कुशवाह के खिलाफ हत्या और धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ