शिवपुरी देहात। शिवपुरी देहात थाना पुलिस को चोरी के एक बड़े मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 3 दिनों के भीतर ₹2 लाख मूल्य के चांदी के जेवर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से शत-प्रतिशत (पूरा) चोरी गया माल भी बरामद कर लिया है, जिसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
अलमारी साफ कर ले गया था चोर
देहात थाना प्रभारी विकास यादव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गौशाला क्षेत्र के रहने वाले लवकुश जाटव ने बीती 18 मई 2026 को थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी के मुताबिक, अज्ञात चोर ने उनके घर की अलमारी का ताला चटकाकर उसमें रखे दो जोड़ी करधौनी, दो जोड़ी पायले और एक बच्ची की चांदी की पायल पार कर दी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तत्काल अपराध क्रमांक 174/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
तीसरी आंख (CCTV) और मुखबिर ने खोला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने घटना स्थल और उसके आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला। फुटेज से मिले सुरागों और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस का शक गौशाला क्षेत्र के ही रहने वाले गिर्राज उर्फ छोटू लोधी पर गया।
पूछताछ में उगला राज, शत-प्रतिशत माल बरामद
पुलिस ने 21 मई को घेराबंदी कर संदेही गिर्राज उर्फ छोटू लोधी को हिरासत में लिया। शुरुआत में आनाकानी करने के बाद, जब पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से कड़ी पूछताछ की, तो आरोपी टूट गया और उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
बरामदगी: पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए चांदी के सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं। बाजार में इन जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है।
आरोपी भेजा गया जेल
थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि चोरी का पूरा माल जब्त करने के बाद आरोपी गिर्राज को विधिवत गिरफ्तार किया गया और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं।
- ब्यूरो रिपोर्ट, शिवपुरी।एल

0 टिप्पणियाँ