शिवपुरी के लक्ष्मीबाई रोड निवासी अभिषेक जैन ने अपने 4 वर्षीय बेटे अनय जैन की बस हादसे में हुई दर्दनाक मौत के बाद सोशल मीडिया पर किए गए अभद्र और भड़काऊ कमेंट्स को लेकर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट धारकों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
अभिषेक जैन के मुताबिक 15 मई 2026 की रात तराना थाना क्षेत्र में बस में आग लगने की भीषण घटना में उनके पुत्र अनय जैन की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद परिवार गहरे सदमे में है। इसी बीच कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम पर घटना को लेकर अभद्र, आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां की जाने लगीं।
अभिषेक जैन ने आरोप लगाया कि फेसबुक आईडी धारक राकेश जी, केदार सिंह गुर्जर और इंस्टाग्राम आईडी धारक शुभम राजपूत द्वारा घटना से संबंधित वीडियो पर अमर्यादित टिप्पणियां की गईं। उन्होंने कहा कि इन कमेंट्स से उनके परिवार सहित दिगंबर जैन समाज, अग्रवाल समाज और शहर के नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं। साथ ही ऐसे भड़काऊ कमेंट्स से समाज में असंतोष फैलाने और माहौल खराब करने की कोशिश की गई है।
अभिषेक ने सोशल मीडिया अकाउंट्स के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे हैं। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ