Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : माधव चौक पर महिला का हंगामा, बच्चों संग खुद पर पेट्रोल छिड़ककर बैठी; भीम आर्मी नेता पर मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप


शिवपुरी शहर के माधव चौक पर गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ चौराहे पर पहुंची और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर तेज धूप में धरने पर बैठ गई। करीब एक घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान महिला ने भीम आर्मी नेता ठाकुरलाल जाटव और उसके साथियों पर मारपीट व छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को कार्रवाई का आश्वासन देकर अपने साथ थाने ले गई।

देहात थाना क्षेत्र के रायश्री गांव निवासी महिला ने बताया कि उसके पति ने उसे छोड़कर दूसरी महिला के साथ रहना शुरू कर दिया है। महिला का आरोप है कि उसके ममिया ससुर ठाकुरलाल जाटव, सास और देवर ने मिलकर यह सब करवाया। इसके बाद वह अपने चार बच्चों के साथ सरकारी जमीन पर बने कच्चे मकान में रहने को मजबूर हो गई।

महिला ने आरोप लगाया कि परिवार की जमीन भी ठाकुरलाल जाटव ने बिकवा दी, लेकिन उसे उसका हिस्सा नहीं दिया गया। महिला का कहना है कि वह लंबे समय से अपने हिस्से की मांग कर रही है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही। उसने बताया कि जिस सरकारी जमीन पर वह रह रही है, उसे प्रशासन कभी भी खाली करा सकता है। ऐसे में उसके सामने बच्चों के साथ रहने का संकट खड़ा हो जाएगा।

महिला का आरोप है कि इसी विवाद के चलते ठाकुरलाल जाटव और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ भी की। महिला ने बताया कि उसने इस मामले की शिकायत पहले भी थाने और एसपी ऑफिस में की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर वह गुरुवार को बच्चों के साथ माधव चौक पहुंच गई और विरोध प्रदर्शन करने लगी।

वहीं दूसरी ओर भीम आर्मी नेता ठाकुरलाल जाटव ने महिला के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि महिला का बेटा उनके भांजे की दुकान का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास करते हुए पकड़ा गया था। इसी मामले में कार्रवाई से बचने के लिए महिला झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन और संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है।

बता दें कि महिला के परिवार पर पहले भी गंभीर आरोप लग चुके हैं। उनके अनुसार महिला की बड़ी बहन ने अपने पति की हत्या प्रेमी और बेटों के साथ मिलकर कराई थी, जिसमें इस महिला पर भी साजिश में शामिल होने के आरोप लगे थे।


इधर देहात थाना प्रभारी विकास यादव का कहना है कि मामला पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है। गांव में दुकान के आधिपत्य को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। महिला द्वारा छेड़छाड़ के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मौके का मुआयना कर रही है और साक्षियों के बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ