Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : खोड़ चौकी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री से महिलाएं परेशान, महिलाओं ने पुलिस चौकी पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

शिवपुरी जिले के भौंती थाना अंतर्गत खोड़ चौकी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री को लेकर महिलाओं का आक्रोश सामने आया है। रविवार को आदिवासी महिलाएं खोड़ पुलिस चौकी पहुंचीं और लिखित आवेदन देकर आदिवासी बस्ती में लंबे समय से चल रही अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि खोड़ आदिवासी बस्ती में भगवत आदिवासी नामक व्यक्ति पिछले करीब एक वर्ष से अवैध रूप से कच्ची शराब बेच रहा है। इसके चलते क्षेत्र का माहौल लगातार खराब होता जा रहा है और आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है।

महिलाओं का कहना है कि शराब पीने के बाद धनीराम, बल्लू, रामकुमार, रामचरण, बालकिशन सहित कई लोग गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। इससे परिवार प्रभावित हो रहा है और महिलाओं व बच्चों में डर का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित महिलाओं ने बताया कि शराबखोरी के कारण घरों में अशांति बढ़ गई है। कई बार समझाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि अवैध शराब बिक्री तत्काल बंद कराई जाए और शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले की शिकायत पहले भी दो बार खोड़ पुलिस चौकी में की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

पूनम आदिवासी ने बताया कि आदिवासी बस्ती में पिछले एक साल से कच्ची शराब का कारोबार चल रहा है। इसकी शिकायत कई बार पुलिस से की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

मामले को लेकर पुलिस ने महिलाओं का आवेदन लेकर जांच शुरू करने की बात कही है। वहीं महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगी।


वहीं खोड़ चौकी प्रभारी कुसुम गोयल का कहना है कि जल्द कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ