शिवपुरी में मंगलवार को नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर पालिका की टीम एमएम चौराहे पर पहुंची, जहां सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर रखी गई अवैध स्टॉलों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जेसीबी की सहायता से करीब 10 से 12 स्टॉलों को हटाकर जब्त कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि शिवपुरी एसडीएम आनंद सिंह राजावत को नगर पालिका का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद यह पहली बड़ी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई है। अभियान के दौरान एक सांची मिल्क पार्लर को नोटिस देकर संबंधित स्थान पर संचालन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी रंजीत खापरे ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी एमएम चौराहे पर स्टॉल संचालकों को सूचना दी गई थी कि वे चौराहे से 100 फीट दूर अपने व्यवसाय का संचालन करें। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा स्टॉलें रखी गई थीं।
खापरे के अनुसार मौके से उन खाली स्टॉलों को हटाया गया है जो लंबे समय से संचालित नहीं हो रही थीं और अतिक्रमण के उद्देश्य से रखी गई थीं। वहीं संचालित स्टॉलों को व्यवस्थित करते हुए उन्हें एमएम चौराहे से 100 फीट की दूरी पर स्थानांतरित कराया गया है। नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
0 टिप्पणियाँ