शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लीटर हाथ भट्टी की बनी देशी कच्ची शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 12 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में बैराड़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बरोद रोड स्थित ठाकुर बाबा मंदिर के पीछे एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध कच्ची शराब रखे हुए है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति दो प्लास्टिक की केनों के साथ बैठा मिला। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजेन्द्र पुत्र मांगीलाल राठौर (32 वर्ष), निवासी कालामढ़ शाखा फील्ड के पास, बैराड़ बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो प्लास्टिक की केनों में भरी 60 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सुरेश शर्मा, प्रधान आरक्षक हरिओम जाटव, आरक्षक संदीप राठौर, ज्ञान सिंह रावत, लोकेन्द्र सिंह एवं चालक मनीष परिहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

0 टिप्पणियाँ