शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में एक 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। झिरी-अतरौआ रोड पर महुआ के पेड़ के नीचे युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान लवकुश परिहार (32) पुत्र शिव सिंह परिहार निवासी परीक्षा गांव के रूप में हुई है। घटना से गुस्साए परिजनों ने शव को परीक्षा गांव लाकर श्योपुर-शिवपुरी हाईवे पर जाम लगा दिया और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
मृतक के पिता शिव सिंह परिहार ने आरोप लगाया कि उनका बेटा तोमर क्रेशर पर काम करता था। बुधवार सुबह उसे करीब 35 हजार रुपए वेतन के रूप में मिले थे। सुबह करीब 9 बजे वह अपनी बाइक के साथ नाश्ता करते हुए देखा गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान झिरी-अतरौआ रोड पर महुआ के पेड़ के नीचे उसका शव मिला।
परिजनों का आरोप है कि लवकुश के पास मौजूद 35 हजार रुपए, मोबाइल फोन और बाइक मौके से गायब थे, जिससे घटना को लेकर हत्या और लूट की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बाद में हाईवे पर जाम लगा दिया।
सूचना मिलने पर पोहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

0 टिप्पणियाँ