शिवपुरी में 7-ए साइड क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आगाज़, पहला रोमांचक मुकाबला रहा टाई
शिवपुरी। स्थानीय तात्या टोपे क्रिकेट स्टेडियम पोलोग्राउण्ड में आज से '7-ए साइड क्रिकेट प्रतियोगिता' का रंगारंग शुभारंभ हुआ। उद्घाटन के विशेष अवसर पर प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी 19 टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया, जिसे वहाँ मौजूद दर्शकों ने तालियाँ बजाकर खूब सराहा।
दिग्गजों की मौजूदगी में हुआ उद्घाटन
इस गरिमामयी उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से पोहरी के पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, पटेल एण्ड संस के संचालक भूपेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ खिलाड़ी छोटे खान वरिष्ठ खिलाड़ी और कमेंटेटर गिरीश मिश्रा 'मामा', कमल सिंह बाथम 'शेरा', संतोष रघुवंशी तथा वरिष्ठ पत्रकार नेपाल सिंह बघेल मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना से खेलने का संदेश दिया।
रोमांचक मोड़ पर छूटा पहला मैच
उद्घाटन समारोह के तुरंत बाद प्रतियोगिता का पहला मुकाबला 'पटेल एण्ड संस पडोरा चौक' द्वारा प्रायोजित बालिका वर्ग की टीम 'पटेल एण्ड संस' (टीम बी) और 'टीम ए' के बीच खेला गया।
पटेल एण्ड संस (टीम बी) की पारी: पहले बल्लेबाजी करते हुए पटेल एण्ड संस की टीम ने निर्धारित 6 ओवरों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 99 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से पायल तोमर ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए बेहतरीन 64 रन बनाए। हालांकि, तालमेल की कमी के कारण इस टीम के अधिकांश खिलाड़ी रन आउट का शिकार हुए।
टीम ए की जवाबी पारी: 99 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी 'टीम ए' की शुरुआत भी दमदार रही। टीम की ओर से पवित्रा लोधी ने 38 रन और अनामिका ने 21 रन बनाए, जबकि काव्या राठौर ने 10 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
> मैच का टर्निंग पॉइंट : मैच के अंतिम क्षणों में पवित्रा और नवधा ने सूझबूझ से बल्लेबाजी की। दोनों ने बेहतरीन साझेदारी निभाते हुए और बिना आउट हुए टीम के स्कोर को 99 रनों तक पहुँचा दिया।
> दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने के कारण यह उद्घाटन मुकाबला बेहद रोमांचक मोड़ पर टाई (बराबर) समाप्त हुआ। दर्शकों ने दोनों टीमों के शानदार खेल की जमकर तारीफ की।

0 टिप्पणियाँ