Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत पर बवाल, मायके पक्ष ने रोका शव वाहन, लगाए हत्या के आरोप

शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के खजूरी गांव की 24 वर्षीय विवाहिता कल्पना शाक्य की मौत के बाद मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद की स्थिति बन गई। मायके पक्ष ने महिला की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पति का कहना है कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब होने के चलते उपचार के दौरान मौत हुई है। मामले को लेकर सिरसौद थाने में मंगलवार को दिनभर हंगामा चलता रहा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार खजूरी निवासी कल्पना शाक्य की तबीयत सोमवार को अचानक बिगड़ गई थी। पति राकेश शाक्य के मुताबिक पत्नी को हाथ-पैर में खुजली, पेट दर्द और हाथ में सूजन की शिकायत होने पर पहले मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे शिवपुरी शहर के चतुर्भुज प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई।


मृत्यु के बाद राकेश शाक्य पत्नी के शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में मायके पक्ष के लोगों ने एंबुलेंस को रोक लिया और महिला की मौत को संदिग्ध बताते हुए शव को सिरसौद थाने ले पहुंचे। मायके पक्ष का आरोप है कि उन्हें कल्पना के बीमार होने की कोई सूचना नहीं दी गई थी, केवल मौत की जानकारी दी गई। मृतका के भाई मोनू शाक्य का कहना है कि उसकी बहन के साथ पहले भी मारपीट की घटनाएं हुई थीं और उसकी मौत बीमारी से नहीं बल्कि हत्या के कारण हुई है।


वहीं, पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया और शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कराई। बुधवार को चिकित्सकों के पैनल द्वारा महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सिरसौद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ