Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : शिवपुरी में दबंगई: कोर्ट परिसर के बाहर पीड़ित परिवार पर हमला, FIR की कॉपी फाड़कर दी जान से मारने की धमकी



शिवपुरी।जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें न तो पुलिस का डर है और न ही कानून के मंदिर (न्यायालय) का। जमीन विवाद को लेकर इंसाफ की गुहार लगाने जिला मुख्यालय पहुंचे एक परिवार को सरेआम कोर्ट परिसर के बाहर ही निशाना बना लिया गया। आरोपियों ने न सिर्फ पीड़ित परिवार के साथ मारपीट की, बल्कि पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर की कॉपी भी छीनकर फाड़ दी। मामला वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। लहूलुहान और डरा हुआ परिवार किसी तरह भागकर पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचा और सुरक्षा की गुहार लगाई।

 घटना स्थल: शिवपुरी जिला न्यायालय परिसर के बाहर।

 पीड़ित:  ग्राम गुरुकदवाया निवासी रोशनी धाकड़ का परिवार।

 आरोपी: संजीव जाटव, अशोक जाटव, लखन जाटव व अन्य।

 पहले से दर्ज कराई गई एफआईआर को वापस लेने का दबाव।


खेत की फेंसिंग से शुरू हुआ था विवाद, कुल्हाड़ी से किया था हमला


पूरा मामला ग्राम गुरुकदवाया से जुड़ा है। पीड़िता रोशनी धाकड़ ने बताया कि बीते 21 जून को खेत की तार फेंसिंग करने के दौरान गांव के ही जगदीश, संजीव और अशोक जाटव ने उनके परिवार पर हमला कर दिया था। इस दौरान संजीव जाटव ने रोशनी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा वार किया, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई। उन्हें पहले पिछोर और फिर जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया था। इस मामले में महिला थाने में शिकायत दर्ज की गई थी।

 कानून के दरवाजे पर ही घेर लिया

सोमवार को इसी मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर रोशनी के पति अनिल धाकड़, देवर रामभरत, नीतेश और रिश्तेदार हरीचरण शिवपुरी कोर्ट और एसपी कार्यालय पहुंचे थे। जब पीड़ित पक्ष न्यायालय के बाहर अपना आवेदन टाइप करवा रहा था, तभी आरोपी अशोक, संजीव और लखन जाटव अपने साथियों के साथ वहां धमक पड़े।

पीड़ित परिवार का बयान

आरोपियों ने कोर्ट के बाहर ही हमें घेर लिया। वे कह रहे थे कि रिपोर्ट वापस लो, वरना अंजाम अच्छा नहीं होगा। जब हमने मना किया, तो उन्होंने सरेआम लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी। हमारी जेब से एफआईआर की कॉपी छीनकर फाड़ दी और बोले कि अगर अब पुलिस के पास गए तो जिंदा नहीं बचोगे।"


दहशत में पीड़ित, एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार


दिनदहाड़े कोर्ट परिसर के बाहर हुई इस गुंडागर्दी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस दुस्साहस से घबराया पीड़ित परिवार तुरंत एसपी कार्यालय पहुंचा। उन्होंने शिकायती आवेदन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार के लिए सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ