Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: आरोग्य भारती व मेडिकल कॉलेज का संयुक्त सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम संपन्न

शिवपुरी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया चिकित्सा महाविद्यालय एवं आरोग्य भारती के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में योग प्रशिक्षण एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में चिकित्सकों,प्राध्यापकों,नर्सिंग स्टाफ,एमबीबीएस एवं पैरामेडिकल विद्यार्थियों तथा आरोग्य भारती के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस‌के सह-नोडल अधिकारी एवं अस्थिरोग विभागाध्यक्ष डॉ.पंकज शर्मा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए इस वर्ष की थीम स्वस्थ एवं गरिमापूर्ण वृद्धावस्था के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing) के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग एक समग्र जीवन पद्धति है,जो व्यक्ति को शारीरिक,मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रखते हुए बढ़ती आयु में भी सक्रिय,आत्मनिर्भर एवं सम्मानपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में शल्य चिकित्सा विभागाध्यक्ष एवं योग गुरु डॉ. अनंत राखोंडे ने योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न सूक्ष्म व्यायाम, प्राणायाम एवं योगासनों का अभ्यास कराया तथा उनके वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी। डॉ. विवेक पुरवे द्वारा योगाभ्यास में सहयोग प्रदान किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के अधिष्ठाता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. डी. परमहंस ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है,जिसे आज संपूर्ण विश्व ने स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ स्वस्थ समाज के निर्माण का आधार है।

आरोग्य भारती के विभाग संरक्षक आलोक एम. इंदोरिया ने योग के सामाजिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली जनित बीमारियों एवं मानसिक तनाव से मुक्ति के लिए योग अत्यंत प्रभावी माध्यम है। आरोग्य भारती के नगराध्यक्ष रवि गोयल ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने कहा कि नियमित योग एवं प्राणायाम से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, तनाव, चिंता, अवसाद, कमर दर्द एवं जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं के नियंत्रण में सहायता मिलती है तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। संपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन चिकित्सा अधीक्षक डॉ.अशुतोष चौरषी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन नेशनल मेडिको ऑर्गेनाइजेशन (NMO) की ओर से शिवम शर्मा द्वारा किया गया। अंत में डॉ.राजेन्द्र पवैया ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. अपराजिता तोमर, डॉ. सिरस धीर, डॉ. शुभांगी, डॉ. ज्योति शुक्ला, डॉ. किरण थोराट एवं डॉ. राजेन्द्र पवैया सहित महाविद्यालय के अनेक चिकित्सकगण, प्राध्यापकगण, नर्सिंग स्टाफ, एमबीबीएस एवं पैरामेडिकल छात्र-छात्राएं तथा आरोग्य भारती के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ, सक्रिय एवं निरोगी जीवन का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ