शिवपुरी में भारतीय किसान संघ के बैनर तले बुधवार को जिले भर के किसान हाथों में संगठन के झंडे लेकर रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर को सौंपकर खाद वितरण, ई-टोकन व्यवस्था, फार्मर आईडी और राजस्व संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग की।
किसानों ने बताया कि ई-टोकन सर्वर की धीमी गति के कारण खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद प्राप्त करने में भारी परेशानी हो रही है। कई सहकारी समितियों में खाद की उपलब्धता नहीं है, जबकि नगद खाद वितरण केंद्र भी बंद पड़े हैं। किसानों ने सभी समितियों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और बंद केंद्रों को तत्काल शुरू करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष बृजेश सिंह धाकड़ ने बताया कि बड़ी संख्या में किसानों की फार्मर आईडी के प्रकरण लंबित हैं, जिससे उन्हें ई-टोकन बुकिंग और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि पटवारियों को गांव-गांव जाकर फार्मर आईडी बनाने और ई-टोकन बुकिंग कराने के निर्देश दिए जाएं।
किसानों ने नामांतरण, फौती नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और नाम सुधार जैसे राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने की भी मांग उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने वाले कुछ किसानों का भुगतान उनके खातों में न पहुंचकर अन्य खातों में स्थानांतरित हो गया है, जिसका सत्यापन कर तत्काल भुगतान कराया जाए।
इसके अलावा बैराड़ तहसील के ग्राम खटका-आबादपुर में वर्ष 2002 में हरिजन और आदिवासी परिवारों को दिए गए पट्टों का लाभ दिलाने, लंबित सीमांकन प्रकरणों का निराकरण करने तथा अवैध कब्जे हटाकर पात्र परिवारों को उनका अधिकार दिलाने की मांग भी की गई।
किसान संघ ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो किसानों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ