शिवपुरी जिले के सतनबाड़ा थाना क्षेत्र में एनएच-46 पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पाठक होटल के पास तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर हाइवे की पुलिया से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक के हेल्पर की गर्दन कट जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक शिवपुरी से ग्वालियर की ओर जा रहा था। रात करीब 1 बजे सतनबाड़ा थाना क्षेत्र के एनएच-46 स्थित पाठक होटल के पास अचानक ट्रक पुलिया से टकरा गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद ट्रक के केबिन में फंसे चालक और हेल्पर को बाहर निकाला।
दोनों घायलों को तत्काल शिवपुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 38 वर्षीय हेल्पर मंगल सिंह राजपूत निवासी भानपुर, जिला मंदसौर को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसा किस कारण हुआ। प्रारंभिक तौर पर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ