Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : तहसीलदार पर अभद्रता का आरोप: सुनवाई न होने पर टावर पर चढ़ा युवक, अब झूठी FIR निरस्त करने की मांग

शिवपुरी जिले की नरवर तहसील में जमीन के बंटवारे को लेकर उपजे विवाद ने एक गंभीर मोड़ ले लिया है। ग्राम नरौआ निवासी कृष्णा रावत ने आरोप लगाया है कि तहसील कार्यालय में सुनवाई न होने और तहसीलदार द्वारा की गई अभद्रता से आहत होकर उसे मजबूरन मोबाइल टावर पर चढ़ना पड़ा। प्रार्थी कृष्णा रावत ने मंगलवार की दोपहर साढ़े 12 बजे कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

कृष्णा रावत का कहना है कि उनकी मां गयाबाई के नाम दर्ज भूमि के बंटवारे को लेकर तहसील में आवेदन लंबित है। अपनी आपत्ति दर्ज कराने के लिए जब वह 2 जुलाई को नरवर तहसील पहुंचा, तो तहसीलदार ने उसकी बात सुनने के बजाय उसके साथ न केवल अमानवीय व्यवहार किया, बल्कि कर्मचारियों के साथ मिलकर उसे धक्का देकर बाहर निकलवा दिया। इस अपमान से व्यथित होकर उसने टावर पर चढ़कर प्रदर्शन किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और तहसील का अमला मौके पर पहुंचा। कृष्णा का आरोप है कि मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उन्हें न्याय का भरोसा देकर टावर से नीचे उतारा, लेकिन बाद में तहसीलदार के इशारे पर पुलिस ने उल्टा उनके और उनके पिता रतन सिंह व भाई पुष्पेन्द्र के खिलाफ ही झूठा प्रकरण दर्ज कर दिया।


पीड़ित युवक ने दावा किया है कि घटना के समय उनके पिता और भाई वहां मौजूद ही नहीं थे, बल्कि उन्हें तो पटवारी और तहसील बाबू ने फोन करके बुलाया था। कृष्णा ने इस बात के पुख्ता सबूत होने की बात कही है और उनके पास मामले की वीडियो व फोन रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। फिलहाल इस मामले ने स्थानीय स्तर पर तूल पकड़ लिया है और पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और दर्ज एफआईआर को निरस्त करने की गुहार लगाई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ