शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामखो में दबंगों द्वारा एक गरीब किसान की जमीन पर अवैध कब्जे और उसकी मेहनत पर पानी फेरने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने आज शनिवार की दोपहर 2 बजे पुलिस अधीक्षक को शिकायती आवेदन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मामला ग्राम खोरघार निवासी किसान सिरनाम शाक्य का है। किसान ने बताया कि उसकी कृषि भूमि सर्वे क्रमांक 1947 एवं 1918 जामखो में स्थित है, जिस पर गांव के ही हरी शाक्य, उम्मेद शाक्य, मोहन शाक्य और अनिल शाक्य सहित उनके परिवार के सदस्यों ने अवैध कब्जा कर रखा है। पीड़ित ने अपनी भूमि का तहसील कार्यालय से 25 जून 2026 को सीमांकन भी करवाया था, लेकिन दबंगों ने न केवल सीमा चिन्हों को उखाड़ फेंका, बल्कि सीमांकन मानने से साफ इनकार कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि 2 जुलाई को सिरसौद थाने में शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे दबंगों के हौसले और बुलंद हो गए। इसी का नतीजा है कि आज 18 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे आरोपियों ने खेत में लगी टमाटर की फसल को कुचलकर नष्ट कर दिया और सिंचाई के लिए बिछाए गए महंगे ड्रिप सिस्टम को भी उखाड़ डाला। इस उपद्रव में किसान का लगभग 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
जब किसान ने विरोध किया तो आरोपी लाठी-डंडे लेकर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगे। दबंगों ने उन्हें गांव से बेदखल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी है। खौफ के साये में जी रहे पीड़ित किसान ने घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग होने की बात भी कही है।

0 टिप्पणियाँ