शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां की मौत हो गई। अपनी बेटी को नरवर स्थित हॉस्टल छोड़कर घर लौट रही महिला को सिलरा तिराहे पर तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को करैरा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार बरसौड़ी गांव निवासी लीलाबती जाटव गुरुवार को अपनी बेटी सरोज जाटव को नरवर स्थित हॉस्टल छोड़ने गई थीं। वापस लौटते समय शाम करीब 4:30 बजे सिलरा तिराहे पर गांव जाने के लिए सड़क किनारे खड़ी थीं। तभी करैरा की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप (MP07GA9567) के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में लीलाबती जाटव के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तत्काल करैरा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ