Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : अमृत भारत स्टेशन योजना: प्रधानमंत्री ने वर्चुअली किया शिवपुरी रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, आधुनिक सुविधाओं से यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

शिवपुरी रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद शुक्रवार को इसका औपचारिक लोकार्पण किया गया। प्रधानमंत्री ने देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिवपुरी रेलवे स्टेशन का भी वर्चुअल उद्घाटन किया। स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव, कलेक्टर अर्पित वर्मा सहित रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। इसके बाद प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन और लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का अवलोकन करते हुए इसे शिवपुरी के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शिवपुरी रेलवे स्टेशन को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। स्टेशन भवन का आकर्षक पुनर्निर्माण किया गया है, जबकि यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म पर नए शेड, आधुनिक बैठने की व्यवस्था, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, कोच पोजिशन डिस्प्ले बोर्ड और अत्याधुनिक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाए गए हैं।

स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया का भी विकास किया गया है। पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है, वहीं आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ और सुगम आवागमन की विशेष व्यवस्थाएं भी विकसित की गई हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को स्थानीय संस्कृति और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय के साथ विकसित करना है। पुनर्विकसित शिवपुरी रेलवे स्टेशन अब यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। साथ ही इससे क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


शुक्रवार को आयोजित यह समारोह शिवपुरी के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर रहा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों ने स्टेशन के नए स्वरूप का स्वागत किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ