Music

BRACKING

Loading...

कोलारस में रफ्तार का कहर: कंटेनर ने बाइक को मारी टक्कर, सड़क पर तड़पते घायल को कार सवार ने पहुंचाया अस्पताल

शिवपुरी (कोलारस): राष्ट्रीय राजमार्ग-46 (NH-46) स्थित कोलारस बाईपास क्रॉसिंग पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ तेज रफ्तार कंटेनर ने एक बाइक सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में नोहरी कला गांव निवासी हरि सिंह जाटव (40) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे का दर्दनाक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है।

गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुआ कंटेनर प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरि सिंह जाटव अपनी बाइक से पनवारी गांव स्थित अपने जीजा के घर जा रहे थे। जैसे ही वह अन्नपूर्णा होटल के पास बाईपास क्रॉसिंग पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने के चक्कर में कंटेनर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और यह हादसा हो गया।

कंटेनर में फंसकर कुछ दूरी तक घिसटती रही बाइक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हरि सिंह बाइक समेत कंटेनर के अगले हिस्से में फंस गए। चालक ने तुरंत ब्रेक नहीं लगाए, जिससे कंटेनर घायल को बाइक सहित कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।

संवेदनहीनता के बीच देवदूत बने चंद्रपाल हादसे के बाद घायल हरि सिंह सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। इस दौरान एक तरफ जहां कुछ लोग मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में मशगूल थे, वहीं रामगढ़ से शिवपुरी जा रहे चंद्रपाल यादव ने इंसानियत की मिसाल पेश की। भीड़ देखकर रुके चंद्रपाल ने राहगीरों की मदद से घायल को तुरंत अपनी कार में बैठाया और कोलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हरि सिंह की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया है।

पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे के कारणों की पुष्टि की जा सके और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ