शिवपुरी: जिले में 09 से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत चारों ओर देशभक्ति का माहौल बना हुआ है। इस अभियान में शिवपुरी की मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और स्थानीय महिला जनप्रतिनिधियों ने तिरंगा रैलियों की कमान संभालते हुए घर-घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया।
विभिन्न ब्लॉकों में निकलीं विशाल रैलियां महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र जादौन के नेतृत्व में शिवपुरी, कोलारस, पोहरी, खनियाधाना, करैरा और नरवर में विशाल तिरंगा रैलियां आयोजित की गईं। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं के भारत माता की जय के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
खनियाधाना में बनाई गई विशाल मानव श्रृंखला अभियान के दौरान खनियाधाना में एक विशेष आयोजन देखने को मिला, जहाँ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, स्कूली बच्चों और विभिन्न प्रशासनिक विभागों के सहयोग से भव्य तिरंगा यात्रा के साथ विशाल मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया। इस मानव श्रृंखला के जरिए आम जनमानस को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्रभक्ति के प्रति जागरूक किया गया।
ग्रामीण अंचलों में प्रभात फेरियों की गूंज शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी महिलाओं ने अभियान को गति दी। बदरवास के ग्राम पिपरिया खेड़ा, करैरा के सिरसौद, पनिहारा और कोलारस के खरई में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं तथा महिला प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर प्रभात फेरियां निकालीं। इस दौरान महिलाओं ने ग्रामीणों से 09 से 17 अगस्त तक चलने वाले इस राष्ट्रीय उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।



0 टिप्पणियाँ