शिवपुरी में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती प्राची शर्मा उपाध्याय के निर्देशन में शनिवार को ग्वालियर बायपास पर मोबाइल कोर्ट लगाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 34 वाहन चालकों पर 24 हजार 500 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
मोबाइल कोर्ट में तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाना, वाहनों पर काली फिल्म लगाना, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना, नंबर प्लेट पर पदनाम लिखवाना, बिना नंबर के वाहन चलाना तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसे मामलों में चालानी कार्रवाई की गई।
इस अभियान की खास बात यह रही कि कार्रवाई के दायरे में आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि भी आए। जांच के दौरान गुना नगर पालिका अध्यक्ष समेत एक सरपंच पर भी यातायात नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना लगाया गया।
मोबाइल कोर्ट के दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती प्रत्यक्षा कुलेश, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती प्रिया शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री धर्मवीर राठौर, एडीपीओ मयंक श्रीवास्तव, यातायात प्रभारी रणवीर यादव, कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे, सूबेदार प्रियंका घोष सहित यातायात और कोतवाली पुलिस का बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील भी की।

0 टिप्पणियाँ