Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : पार्षद रबीना बेगम और एल्डरमैन विवेक अग्रवाल ने उठाए नपा की कार्यप्रणाली पर सवाल, ई-फाइलिंग-ई-पेमेंट लागू करने व सड़कों के निर्माण की मांग

शिवपुरी नगर पालिका परिषद की वार्ड क्रमांक 33 की पार्षद रबीना बेगम इस्माइल खान एवं नगर पालिका के एल्डरमैन (वरिष्ठ पार्षद) विवेक अग्रवाल ने शनिवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नगर पालिका की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि नगर पालिका में अभी तक ई-फाइलिंग और ई-पेमेंट व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू नहीं की गई है, जिससे फाइलें लंबित रहती हैं और भ्रष्टाचार की संभावना बनी रहती है। उन्होंने शासन की ऑनलाइन व्यवस्था को पूरी तरह लागू करने के साथ ही शहर की प्रमुख सड़कों का निर्माण कराने की मांग भी की है।

वरिष्ठ पार्षद विवेक अग्रवाल ने कहा कि सभी फाइलों का ऑनलाइन निस्तारण होने से यह स्पष्ट रहेगा कि किस अधिकारी या कर्मचारी के पास फाइल लंबित है और उसमें देरी किस स्तर पर हो रही है। इससे फाइलों को जानबूझकर रोकने और भ्रष्टाचार की संभावनाओं पर अंकुश लगेगा। उन्होंने मांग की कि सभी भुगतान ऑनलाइन ई-पेमेंट प्रणाली से किए जाएं तथा ऑनलाइन ही वाउचर तैयार किए जाएं। उनका कहना है कि वर्तमान में नेफ्ट और चेक के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है, जबकि शासन की ऑनलाइन व्यवस्था का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने सीएमओ से नियमों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने की मांग की।

दोनों जनप्रतिनिधियों ने शहर के विकास कार्यों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कोर्ट रोड, प्रगति बाजार सहित शहर के मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्र की सभी लंबित सड़कों का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की। उनका कहना है कि खराब और अधूरी सड़कों के कारण आम नागरिकों, व्यापारियों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसे जल्द पूरा किया जाना चाहिए।

दोनों जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि नगर पालिका प्रशासन जल्द से जल्द ई-गवर्नेंस व्यवस्था लागू करते हुए लंबित सड़क निर्माण कार्य पूरे कराए, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन, आयुक्त नगरीय प्रशासन भोपाल, उपायुक्त नगरीय प्रशासन ग्वालियर तथा कलेक्टर शिवपुरी को भी भेजी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ