शिवपुरी: सोशल मीडिया पर बढ़ते अपराधों का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जयपुर से चलकर एक महिला न्याय की गुहार लगाने मध्य प्रदेश के शिवपुरी पुलिस स्टेशन पहुंची है। पीड़िता ने लुधावली (शिवपुरी) के रहने वाले सेट्टी खान नाम के युवक पर इंस्टाग्राम पर उसकी, उसकी 9 साल की मासूम बेटी और मां की तस्वीरें पोस्ट कर उन्हें ब्लैकमेल और बदनाम करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पिछले 15 दिनों से किया जा रहा था परेशान
पीड़िता के अनुसार, आरोपी पिछले 15 दिनों से लगातार परिवार की तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहा था। जब महिला और उसके परिजनों ने इसका विरोध किया, तो आरोपी सेट्टी खान ने सुधार करने के बजाय गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। सोशल मीडिया पर इन पोस्ट्स के वायरल होने के कारण पीड़िता को रिश्तेदारों और समाज के बीच भारी मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है।
पति की मौत के बाद जयपुर में रहकर करती है नौकरी
पीड़िता ने बताया कि 6 साल पहले उसके पति की मौत हो चुकी है। वह अपनी 9 साल की बेटी का पेट पालने के लिए जयपुर में नौकरी करती है। आरोपी की हरकतों से तंग आकर उसने खुद शिवपुरी पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला लिया।
पुलिस को सौंपे इंस्टाग्राम पोस्ट्स के स्क्रीनशॉट
महिला ने पुलिस को सबूत के तौर पर इंस्टाग्राम पोस्ट्स और चैट के स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं। शिवपुरी पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपी पर कड़ी कानूनी कार्यवाही की बात कही है।

0 टिप्पणियाँ