| विधवा पेंशन के प्रकरणों में बीपीएल की बाध्यता समाप्त होगी- मंत्री श्री तोमर |
| कोलारस में 824 किसानों को 2 करोड़ 62 लाख से अधिक के दिए ऋण माफी प्रमाण पत्र |
| 01/03/2019 |
शिवपुरी
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि राज्य सरकार ने निराश्रित पेंशन की राशि बढ़ा दी गई है। अब हितग्राहियों को 300 रूपए से बढ़कर 600 रूपए अप्रैल माह से प्राप्त होंगे। इस राशि को आगे बढ़ाकर 1 हजार रूपए किया जाएगा। साथ ही विधवा पेंशन के प्रकरण में बीपीएल की बाध्यता को हटा दिया गया है।
प्रभारी मंत्री श्री तोमर गुरूवार को शिवपुरी जिले के शासकीय उ.मा.वि.कोलारस प्रांगण में जय किसान फसल ऋण माफी योजना के तहत आयोजित किसान सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर 824 किसानों को 02 करोड़ 62 लाख 43 हजार 125 की राशि के ऋण माफी प्रमाण-पत्र एवं ताम्रपत्र प्रदाय किए गए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के बिजली बिल को हाफ किया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विवाह एवं निकाह योजना के तहत 28 हजार रूपए की राशि के स्थान पर 51 हजार रूपए की गई है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने जो कहा उस वचन को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि पेंशन योजना के लाभ से पात्र हितग्राही वंचित न रहे, इसके लिए सतत रूप से समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि राशन की दुकानों से भी उपभोक्ताओं को गुणवत्ता पूर्ण एवं सही मात्रा में खाद्यान्न मिले इसकी भी सतत रूप से अधिकारियों द्वारा समीक्षा की जाएगी। खाद्यान्न वितरण में लापरवाही बरतने वाले दुकानदार के साथ संबंधित अधिकारी के विरूद्ध भी कार्यवाही की जाएगी। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री बैजनाथ यादव, सांसद प्रतिनिधि श्री हरवीर सिंह रघुवंशी एवं रामवीर सिंह यादव, पूर्व विधायक श्री महेन्द्र सिंह यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री रवीन्द्र शिवहरे, जनपद उपाध्यक्ष श्री उपेन्द्र सिंह चौहान, एसडीएम श्री आशीष तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, बैंकर्स आदि उपस्थित थे। |
0 टिप्पणियाँ