Music

BRACKING

Loading...

हरा भोपाल – शीतल भोपाल 12 वाहन 12 वार्ड 12 हजार पौधों का वितरण


    हरा भोपाल-शीतल भोपाल अभियान के तहत आज नगर निगम और वन विभाग का अमला 12 हजार पौधे लेकर 12 वार्डों के नागरिकों के घर-घर पहुंचे और उनकी पसंद के मुताबिक पौधे भी उपलब्ध कराए। इधर भोपाल विकास प्राधिकरण ने आज नागरिकों के साथ मिलकर सलैया में 500 पौधे रोपे। उल्लेखनीय है कि अभियान के तहत 11 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 
    अभियान में आज भी अनेक रहवासियों द्वारा वृक्षारोपण किए जाने की सूचना है। इधर नगर निगम और वन विभाग का अमला 12 वाहनों से 12 वार्डों में 12000 पौधों के वितरण के लिए घर-घर पहुंच रहे हैं, देर शाम तक डीएफओ ने बताया कि 60 प्रतिशत पौधों का वितरण हो गया था। इधर वन विभाग की नर्सरियों से भी पौधों का विक्रय जारी है और भदभदा तथा अहमदपुर नर्सरी से 20 हजार से अधिक पौधे लोग अपनी पसंद से ले गए। डीएफओ ने बताया कि नर्सरी में तैयार पौधों की कीमत बाजार से कम तो है ही इनकी उत्तरजीविता भी अधिक है। 
    इस बीच नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहनों को अब तक 18 हजार रहवासियों से पौधों के लिए मांग पत्र प्राप्त हो गए हैं और एक रहवासी की औसत 10 पौधों की मांग भी मान ली जाए तो एक लाख 80 हजार पौधों की डिमांड आ चुकी है। नगर में अभियान से आमजन को जोड़ने के लिए लगातार प्रचार गतिविधि भी जारी है। नगर के हर व्यस्त स्थलों पर होर्डिंग के माध्यम से भी प्रचार किया जा रहा है। नगर निगम के सभी वाहनों से भी हरा भोपाल-शीतल भोपाल के थीम जिंगल से प्रचार प्रसार किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ