Music

BRACKING

Loading...

प्रभारी मंत्री कलेक्ट्रेट में लेते रहे अधिकारियों की बैठक, बाहर भाजपा नेता बैठे रहे धरने पर shivpuri news


शिवपुरी. प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेेट के बाहर धरना-प्रदर्शन करते रहे, वहीं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर अधिकारियों की बैठक लेते रहे। दोपहर 2 बजे से शुरू हुआ धरना-प्रदर्शन शाम 4:30 बजे तक जारी रहा। बैठक जब खत्म हुई तब भाजपा नेताओं ने एसडीएम को राज्यपाल के नाम का ज्ञापन सौंपा।
सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को भाजपा का धरना-प्रदर्शन था इसलिए गुरुवार देररात प्रभारी मंत्री का शिवपुरी दौरा तय हुआ, जिस समय भाजपा के नेता धरना दे रहे रहे उसी दौरान प्रभारी मंत्री ने प्रेस कान्फेंस ले रहे थे, उसके बाद वह अधिकारियों की बैठक लेने कलेक्ट्रेट पहुंच गए। भाजपा का धरना कार्यक्रम दोपहर 12 बजे शुरू होने वाला था, लेकिन धरना दो घंट लेट शुरू हो सका। धरना स्थल पर कोई बड़ा नेता शामिल नहीं था, इसलिए स्थानीय नेताओं ने ही कांग्रेस के खिलाफ खुलकर बोला। शाम 4:30 बजे जब प्रभारी मंत्री बैठक लेकर कलेक्ट्रेट से निकले तो भाजपा नेताओं ने नारे लगाए और फिर कलेक्ट्रेट में जाकर एडीएम आरएस बालौदिया को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा, मप्र में जबसे कमलनाथ की सरकार आई है, तभी से दुराग्रहपूर्ण तरीके से कार्रवाई की जा रही हैं। कभी अतिक्रमण के नाम पर तो कभी माफिया उन्मूलन के नाम पर कांग्रेस की सरकार या तो अपने राजनीतिक विरोधियों को परेशान कर रही है या फिर आम जनता के बीच भय का वातावरण बनाकर भ्रष्टाचार के नए तरीके निकाल रही है। प्रदेशभर में माफिया के नाम पर जो कार्रवाई हो रही है, उसमें कांगे्रस से जुड़े लोगों के अवैध अतिक्रमण छोड़े जा रहे हैं, जबकि भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा वैध कागज दिखाए जाने के बावजूद उनके निर्माण तोड़े जा रहे हैं। सरकार पहले पूरे प्रदेश के माफियाओं की सूची सार्वजनिक करे, यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो उसकी नियत में खोट है। हाल ही में सागर के एक दलित युवक धनप्रसाद अहिरवार को जिंदा जलाए जाने के मामले में सरकार ने तुष्टिकरण की नीति अपनाते हुए अपराधियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की।
प्रभारी मंत्री ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां, सवालों पर चुप्पी
दोपहर 12 बजे प्रभारी मंत्री प्रद्युमनसिंह तोमर कार्यों का लंबा-चौड़ा प्रेस नोट आंकड़ों के लेकर आए। मीडिया को उन्होंने बताया, कांग्रेस सरकार ने भू-माफिया, खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही हर क्षेत्र में बेहतर काम किया है। हमारी सरकार ने भू-माफिया के खिलाफ न केवल कार्रवाई की है, बल्कि खनन माफिया, राशन माफिया के खिलाफ रिकार्ड कार्रवाई की है। उन्होंने अभी तक की गई कार्रवाइयों की संख्या जब गिनाई। शिवपुरी में अभी तक किसी भू-माफिया के खिलाफ कोइ कार्रवाई नहीं हुई। खनन माफिया पर आप कार्रवाई की बात कर रहे हैं और करैरा विधायक की इन माफिया के साथ संलिप्तता के कई वीडियो अभी तक वायरल हो चुके हैं, के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने चुप्पी साध ली। उपलब्धि गिनाते हुए उन्होंंने कहा, मैंने जिला अस्पताल का आईसीयू चालू करवाया, व्यवस्थाएं सुधरवाईं। जब सवाल किया, आईसीयू तो खुलवा दिया, लेकिन उसमें दवाएं तक नहीं मिल रहीं, सरकारी डॉक्टर प्राइवेट नर्सिंग होम में सेवाएं दे रहे हैं। यह सुनते ही प्रभारी मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म कर दी और वे कलेक्ट्रेट में बैठक लेने के लिए चले गए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ