भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। राजनेता भी इसकी चपेट में आने से खुद बचा नहीं पा रहे हैं और इस संक्रामक वायरस का शिकार हो रहे हैं। पूर्व विधायक जितेन्द्र डागा, वरिष्ठ भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई नेता कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। वहीं अब भोपाल में भी एक युवा कांग्रेस विधायक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। शनिवार सुबह उनकी रिपोर्ट आई, जिसमें वो कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। कोरोना संक्रमित कांग्रेस विधायक पूर्व मंत्रियों समेत कई वरिष्ठ नेताओं के भी संपर्क में रहे हैं। विधायक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद राजनेताओं में हडक़ंप की स्थिति है।
राजधानी भोपाल में शनिवार सुबह आई कोरोना रिपोर्ट में 52 लोग पॉजिटिव निकले हैं। उनमें से एक कांग्रेस के युवा विधायक भी शामिल है। कांग्रेस के युवा नेता पहली बार विधायक चुने गए हैं और कांग्रेस के यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष भी है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस विधायक पूर्व मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के भी संपर्क में रहे है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह की प्रेस कांफ्रेंस में भी वो वहां मौजूद थे।
इस दौरान वहां बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, मीडियाकर्मी और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। युवा कांग्रेस विधायक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद राजनेताओं में हडक़ंप मच गया है। विधायक के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद अब उनके संपर्क में आए पूर्व मंत्री का भी सैंपल भी लिया जा सकता है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर उनके संपर्क में सभी लोगों ने खुद को एकांतवास कर लिया है।
0 टिप्पणियाँ