Music

BRACKING

Loading...

पाठ करना पंडित को पड़ा महंगा, हुए कोरोना संक्रमित


डबरा. रामगढ़ रोड पर रहने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग वकील के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद शहर में हडक़ंप मच गया था। इनके यहां हुए धार्मिक अनुष्ठान में पाठ कराने आए 93 साल के बुजुर्ग पंडित समेत बुजुर्ग वकील के परिवार के पांच सदस्य संक्रमित मिले। मंगलवार को आई रिपोर्ट के मुताबिक 10 लोग पॉजिटिव आए। इनमें बुजुर्ग पंडित समेत वकील के परिवार के पांच सदस्य भी शामिल है। एक ही दिन में 10 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही शहर हडक़ंप मच गया है। वहीं दूसरी ओर कम्युनिटी इंफेक्शन फैलने की बात जोरों पर चलने लगी है। मंगलवार को आए 10 नए केस को मिलाकर शहर में अब तक 45 कोरोना संक्रमण केस आ चुके है।
इधर, बुजुर्ग वकील के अनुष्ठान के बाद भंडारे में कई लोग शामिल हुए थे। प्रशासन द्वारा बनाई गई सूची में सिटी थाना प्रभारी यशवंत गोयल और शहर के विशेषज्ञ डॉ. पुनीत गोयल समेत वीनस पैथालॉजी लैब की महिला टैक्नीशियन का भी सैंपल लिया गया था। हालांकि इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आने से शहर को राहत मिली है। दरअसल इनका संपर्क ज्यादा लोगों से होता है। वैसे भी प्रशासन ने 7 जून से ही वीनस लैब और डॉ. गोयल के क्लिनिक को बंद करा दिया था।
भंडारे का भोजन बना मुसीबत
बुजुर्ग वकील के यहां धार्मिक अनुष्ठान के बाद आयोजित भंडारे का भोजन लोगों के लिए मुसीबत बन गया। यह भोजन इतना महंगा रहा कि शहर में दस नए लोग कोरोना संक्रमित मिले। शहर में यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या आने से प्रशासन में भी हडक़ंप मचा हुआ है। इधर, शहर को पूरा खोल दिया गया है और बाजार में भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में संक्रमण के फैलने का खतरा और बढ़ गया है। वहीं शहर में संक्रमितों की संख्या भी दिनोंदिन बढ़ती जा रही है।
भाई समेत पत्नी और बेटा भी संक्रमित
70 साल के बुजुर्ग वकील के परिवार के पांच सदस्य भी कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें उनकी 66 वर्षीय धर्मपत्नी, 51 वर्षीय छोटा भाई, 46 वर्षीय बेटा और 20 साल के पोता-पोती शामिल है। इसमें 51 वर्षीय छोटा भाई आढ़त का कार्य करते है। वहीं एक 55 साल की महिला जो कि बुजुर्ग के घर में किराए से रहती है और बुजुर्ग के संपर्क में रामगढ़ के 3 लोग भी पॉजिटिव मिले।
प्रशासन के लिए बनी चुनौती
93 साल के बुजुर्ग पंडित ने उनके घर में अनुष्ठान पाठ करवाया था। यह कृष्णपुरा रोड पर रहने वाले हैं। इसके अलावा बुजुर्ग के संपर्क में 30 साल का एक युवक भी आया है जो कि शहर के जवाहरगंज क्षेत्र का निवासी है। प्रशासन इन सभी की संपर्क हिस्ट्री निकालने में जुट गया है। दरअसल 93 साल के बुजुर्ग पंडित और 7 जून को संक्रमित पाए गए बुजुर्ग का 51 साल का छोटा भाई जो कि आढ़तिया का काम करते हैं। उनका मंडी में संपर्क रहा है। इसे लेकर प्रशासन के बीच हडक़ंप मचा है।
शुक्र है कि डॉक्टर पुनीत गोयल और सिटी थाना प्रभारी और महिला लैब टैक्नीशियन की रिपोर्ट नेगेटिव आई, नहीं तो शहर में कोरोना संक्रमण के केस और बढ़ जाते। इधर, शहर में जवाहरगंज और कृष्णपुरा रोड नए कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित हो गए है।
25 के लिए सैंपल
मंगलवार को सिविल अस्पताल में पदस्थ्य डॉ. देवेन्द्र राजावत की टीम ने बाहर से आए 25 लोगों के सैंपल लिए हैं। यह सभी ट्रैवल हिस्ट्री के हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ